National

बंगाल में योगी की हुंकार, बोले- TMC का खेल खत्म… माफियाओं पर UP की तरह चलेगा बुलडोजर

पश्चिम बंगाल के पिंगला, जॉयपुर और गारबेटा में गरजे मुख्यमंत्री, टीएमसी पर ‘अराजकता’ का आरोप, कांग्रेस और इंडी गठबंधन को भी घेरा

न्यूज डेस्क, 20 अप्रैल 2026:

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ सियासी माहौल गर्म हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी रण में पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार जनसभाएं कर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। सोमवार को उन्होंने पिंगला, जॉयपुर और गारबेटा विधानसभा क्षेत्रों में ताबड़तोड़ रैलियां कर सत्तारूढ़ ममता बनर्जी की सरकार पर जमकर हमला बोला।

सीएम योगी ने मंच से सीधे-सीधे तृणमूल कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि टीएमसी के गुंडे याद रखें, बंगाल में डबल इंजन की भाजपा सरकार आएगी तो इन माफियाओं पर वैसे ही बुलडोजर चलेगा जैसे उत्तर प्रदेश में चलता है। उन्होंने आमार सोनार बांग्ला, टीएमसी मुक्तो बांग्ला का नारा देते हुए कहा कि राज्य को अराजकता से मुक्त कर विकास के रास्ते पर लाया जाएगा।

Yogi in Bengal TMC's Game Over Insights (1)

योगी ने बंगाल की वर्तमान स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो राज्य कभी देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन था, उसे टीएमसी सरकार ने कंगाल बना दिया है। उन्होंने कहा कि ममता दीदी, 15 साल बहुत हो गए। अब खेला बंद होगा और विकास शुरू होगा। उन्होंने दावा किया कि जनता का उत्साह साफ संकेत दे रहा है कि बंगाल बदलाव के मूड में है और भाजपा को समर्थन देने जा रही है।

रैलियों में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि बंगाल की जनता अब अपने अधिकार, सम्मान और विकास के लिए एकजुट हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार तुष्टीकरण की राजनीति करते हुए गरीबों के हक पर डकैती डाल रही है।

सीएम योगी ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन दलों ने 60 वर्षों से अधिक समय तक देश पर शासन किया लेकिन अनुसूचित जाति और जनजाति के उत्थान के लिए इनके पास कोई ठोस एजेंडा नहीं रहा। अपने आक्रामक तेवर में योगी ने साफ कहा कि टीएमसी का खेल अब खत्म होने वाला है। बंगाल में विकास का नया अध्याय शुरू होगा।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button