Uttarakhand

राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस पर गोष्ठी, वक्ताओं ने कहा… उम्मीदों को दिशा देती है संवाद की ताकत

PRSI के आयोजन में फेक न्यूज़ और बदलते संचार माध्यमों पर भी चर्चा, विशेषज्ञों ने कहा जिम्मेदार संवाद से ही बनता है भरोसा, समाज में बढ़ती है पारदर्शिता

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 21 अप्रैल 2026:

राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस पर पब्लिक रिलेशंस सोसायटी ऑफ इंडिया (PSRI) के देहरादून चैप्टर ने राजपुर रोड स्थित हुडको सभागार में लोकतंत्र में जनसंपर्क का महत्व विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की। कार्यक्रम में जनसंपर्क की बदलती भूमिका, संवाद की अहमियत और नई चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

चैप्टर अध्यक्ष और उपनिदेशक रवि बिजारनिया ने कहा कि लोकतंत्र में जनसंपर्क सरकार और जनता के बीच मजबूत कड़ी का काम करता है। उन्होंने बताया कि सही संवाद से भरोसा बनता है, जिससे समाज में सकारात्मक माहौल तैयार होता है और लोगों की उम्मीदों को दिशा मिलती है।

हुडको के क्षेत्रीय प्रमुख संजय भार्गव ने जनसंपर्क को सिर्फ सरकारी दायरे तक सीमित न मानते हुए इसे सामाजिक और पारिवारिक जीवन से भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि आज के दौर में संचार के साधन तेजी से बढ़े हैं, ऐसे में जिम्मेदारी के साथ संवाद करना पहले से ज्यादा जरूरी हो गया है।

सदस्य मनीता हरि ने फेक न्यूज़ और डीप फेक जैसी चुनौतियों को लेकर सतर्क रहने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि सूचना के इस दौर में सच और झूठ के बीच फर्क समझना बड़ी चुनौती बन चुका है।
गोष्ठी में मौजूद अन्य वक्ताओं ने जनसंपर्क को भरोसेमंद और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने इसे संस्थागत ही नहीं, व्यक्तिगत स्तर पर भी समाज सेवा का एक मजबूत जरिया बताया।

कार्यक्रम में सचिव अनिल सती,पत्रकार संजीव कंडवाल राकेश डोभाल, प्रियांक वशिष्ठ, सुशील कुमार, मनोज सती, रितिक, वैभव गोयल, विमल डबराल, दिनेश कुमार, दीपक शर्मा, संजय पांडेय, पुष्कर नेगी समेत कई सदस्यों ने विचार रखे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button