प्रमोद कुमार
लखनऊ, 27 अप्रैल 2026:
मलिहाबाद में महाराजा मल्हिया पासी के स्मृति में लगे गौरव द्वार को हटाए जाने के बाद शुरू हुआ विवाद अब खामोशी से खुले टकराव में बदल गया है। 25 अप्रैल से मोहन तिराहे पर शुरू हुआ दिन-रात का प्रवास सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर और विधायक जयदेवी कौशल लगातार डटे हैं, जबकि समर्थन में जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की मौजूदगी बढ़ती जा रही है। इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों व सगठनों ने ऐलान कर दिया है कि मलिहाबाद को बसाने वाले राजा मल्हिया पासी के सम्मान में कोई समझौता नहीं होगा।
सोमवार सुबह मिश्रिख से सांसद अशोक रावत प्रवास स्थल पहुंचे और आंदोलन को खुला समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि पूर्वजों के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने कसमंडी के राजा कंसा पासी और उनके पुत्र मल्हिया व सल्हिया का जिक्र करते हुए कहा कि मलिहाबाद की स्थापना से जुड़े प्रमाण संसद तक में दर्ज हैं। ऐसे में प्रशासन को बिना किसी दबाव के गौरव द्वार दोबारा स्थापित करना चाहिए।
कसमण्डी के महाराजा कंसा पासी के पुत्र मल्हिया पासी का गजेटियर प्रमाण सभी समाज के लोग और प्रशासन के अधिकारियों को देखने के लिए ज़ारी किया गया है। pic.twitter.com/48iAevZDJK
— Kaushal Kishore (@mp_kaushal) April 27, 2026
इससे पहले रविवार को विधायक अमरेश रावत और ब्रजेश रावत भी मौके पर पहुंचे और समर्थन जताया। धीरे-धीरे यह प्रवास स्थानीय मुद्दे से निकलकर बड़े जनसमूह की भागीदारी वाला आंदोलन बनता दिख रहा है। विवाद की जड़ 21-22 अप्रैल की रात बताई जा रही है, जब निर्माण कंपनी ने तहसील रोड पर लगा महाराजा मल्हिया पासी स्मृति द्वार हटा दिया।
पुलिस ने द्वार बरामद तो कर लिया, लेकिन वह अब भी मलिहाबाद थाने के बाहर वाहनों पर लदा पड़ा है। इसी को लेकर समाज में नाराजगी बनी हुई है। आक्रोश इसलिए भी है कि गौरव द्वार विधायक निधि से स्वीकृत होकर लगा था। इसके बावजूद उसे बिना किसी जानकारी के कैसे हटा दिया गया और वापस लगाने में कोताही क्यों बरती जा रही है।
आज सोमवार को ही कौशल किशोर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ‘अवध गजेटियर’ की कॉपी जारी की, जिसमें मल्हिया पासी से जुड़े ऐतिहासिक संदर्भ बताए गए हैं। इसे आंदोलन के समर्थन में अहम दस्तावेज के तौर पर पेश किया गया। मोहान तिराहे पर चल रहे इस प्रवास में सुहेलदेव आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश पासी और लाखन आर्मी के अध्यक्ष सूरज पासी भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे हैं। बड़ी संख्या में लोग लखनऊ-हरदोई हाईवे पर जमा हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े हैं और प्रवास लगातार जारी है।






