लखनऊ, 30 अप्रैल 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह (अमौसी) अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा बच गया। हुआ ये कि टेकऑफ की तैयारी कर रहे विमान के सामने अचानक एक बंदर आ गया। पायलट की सतर्कता और त्वरित निर्णय ने करीब 125 यात्रियों की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार इंडिगो की लखनऊ से रायपुर जाने वाली फ्लाइट सुबह करीब 9 बजे उड़ान भरने के लिए रनवे पर तेजी से दौड़ रही थी। विमान टेकऑफ स्पीड पकड़ने वाला था तभी पायलट की नजर अचानक रनवे पर बैठे बंदर पर पड़ी। हालात की गंभीरता को भांपते हुए पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया और विमान को नियंत्रित करते हुए रोक लिया।
इसके बाद विमान को वापस स्टैंड पर लाया गया जहां उसकी तकनीकी जांच की गई। लगभग एक घंटे की देरी के बाद विमान को सुरक्षित रवाना कर दिया गया। इस दौरान रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और बंदर को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया।
विशेषज्ञों के मुताबिक यदि उस समय ब्रेक न लिया जाता तो बंदर विमान के इंजन में खिंच सकता था। इससे इंजन में आग लगने या भारी तकनीकी खराबी की आशंका थी। साथ ही विमान के डैनों से टकराने पर भी बड़ा नुकसान हो सकता था जो एक हादसे में बदल सकता था।
गौरतलब है कि लखनऊ एयरपोर्ट पर पहले भी बंदरों की मौजूदगी से अव्यवस्था की घटनाएं सामने आती रही हैं। ताजा घटना ने एक बार फिर एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और वन्यजीव नियंत्रण पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक इस पूरे मामले की सूचना डीजीसीए को दे दी गई है। वह जांच करेगा कि आखिर रनवे तक बंदर कैसे पहुंचा।






