लखनऊ, 1 मई 2026:
पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली। बीती रात आई तेज आंधी और बारिश के बाद पूरे प्रदेश में तापमान में 10 से 12 डिग्री तक गिरावट दर्ज हुई। लखनऊ समेत कई शहरों में देर रात झमाझम बारिश हुई, जिससे गर्मी से राहत मिली, लेकिन तेज हवाओं ने नुकसान भी पहुंचाया।
अमेठी में तापमान सामान्य से करीब 9.9 डिग्री नीचे चला गया। अयोध्या, वाराणसी, कानपुर, बलिया और गाजीपुर में दिन का तापमान 30 डिग्री के आसपास रहा। उरई 43.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि झांसी में 40.5 और आगरा में 39.5 डिग्री दर्ज हुआ। अयोध्या में 19.5 डिग्री के साथ सबसे ठंडी रात रही।
लखनऊ में गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे तेज तूफान आया। 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, बादलों की गरज और बिजली कड़कने के बीच तेज बारिश हुई। कई इलाकों में पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं और बिजली आपूर्ति बाधित रही। लोग बारिश से बचने के लिए फ्लाईओवर के नीचे खड़े नजर आए। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में 0.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
आंधी का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। आलमबाग, कृष्णानगर, मोहनलालगंज, खदरा, बीकेटी, फैजुल्लागंज, हजरतगंज और पार्क रोड समेत कई इलाकों में बिजली गुल रही। माल, रहीमाबाद, काकोरी, नादरगंज और अन्य फीडरों पर ब्रेकडाउन लिया गया, जिससे करीब एक लाख की आबादी प्रभावित हुई।

इसी बीच एक बड़ा हादसा भी सामने आया। कैंट इलाके में सड़क किनारे खड़ा पेड़ बाइक सवार दो युवकों पर गिर गया, दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई। रवि शंकर पांडे 28 और बाल किशन 27 कैंसर इंस्टीट्यूट में रेडियोथेरेपी टेक्नीशियन थे। दोनों सुबह ड्यूटी पर जा रहे थे तभी हादसा हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ पहले की आंधी में झुक गया था और सुबह गिर पड़ा।
वहीं हाथरस के सादाबाद में 30 अप्रैल की शाम आई तेज आंधी और बारिश से क्षेत्र के गांव बिलारा में निर्माणाधीन मकान की पुरानी दीवार गिरने से जयप्रकाश की 10 वर्षीय बेटी नेहा और पड़ोसी जितेंद्र के नौ वर्षीय बेटे मनीष की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि मुरसान में आंधी में टूटकर गिरे पेड़ के नीचे दबकर किसान की मौत हो गई। हादसे से तीनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार अब बारिश का दायरा धीरे-धीरे सिमटेगा। पूर्वी और तराई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। शनिवार से तापमान फिर बढ़ने लगेगा। 4 और 5 मई को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे एक बार फिर आंधी और हल्की बारिश के आसार हैं।
पिछले पांच दिनों में लखनऊ का अधिकतम तापमान करीब 11.3 डिग्री गिरा है। 26 अप्रैल को जहां पारा 43 डिग्री था, वहीं गुरुवार शाम तक यह 31.7 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है, अधिकतम तापमान 36 डिग्री के आसपास रहेगा, जबकि सुबह हल्के बादल छाए रह सकते हैं। मौसम में इस बदलाव से प्रदेश में लू का असर फिलहाल खत्म हो गया है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि एक मई को सुबह धूप खिली लेकिन नम हवाओं के बीच वो तीखी नहीं लग रही थी।






