राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 2 मई 2026:
उत्तराखंड की सियासत में विधानसभा चुनाव से पहले हलचल तेज हो गई है। शनिवार के दिन एक ओर कांग्रेस को बड़े नेताओं द्वारा पार्टी छोड़ने से झटका लगा। सभी ने एक साथ भाजपा का दामन भी थाम लिया। वहीं दूसरी ओर युवा कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष की तैनाती के साथ संगठन को नई ऊर्जा देने की कोशिश भी दिखी।
शनिवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। इनमें महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष और रुद्रपुर नगर पालिका की पूर्व चेयरमैन मीना शर्मा, घनसाली से 2022 के पूर्व विधायक प्रत्याशी दर्शन लाल आर्य, रुद्रप्रयाग की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और 2017 की कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मी राणा, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अनिल शर्मा, सेवा दल रुद्रपुर महानगर अध्यक्ष संजीव रस्तोगी, महानगर कांग्रेस रुद्रपुर की वरिष्ठ उपाध्यक्ष पूनम गुप्ता और महिला कांग्रेस की महामंत्री मंजू जैन प्रमुख रहे।
इसके अलावा राम प्रसाद, सुमित राई, दिनेश मौर्य, श्वेता शर्मा, सुदर्शन शर्मा, रिंकू बिष्ट, अरविंद सक्सेना, देवेंद्र प्रसाद जोशी, देव राम रतूड़ी समेत कई कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ली। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं।

भाजपा में शामिल हुईं मीना शर्मा और लक्ष्मी राणा ने कांग्रेस पर उपेक्षा और अपमान के आरोप लगाए। उनका कहना था कि पार्टी में उन्हें नजरअंदाज किया गया और कुछ लोगों ने उनकी छवि खराब करने की कोशिश की। उन्होंने महिला सम्मान से जुड़े फैसलों को भी अपने निर्णय की वजह बताया।
इसी दिन कांग्रेस खेमे में दूसरी तस्वीर भी दिखी। युवा कांग्रेस के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक ने औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया। कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में संगठन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इनमें राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभान चिव, राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, डॉ. हरक सिंह रावत, प्रकाश जोशी और वैभव वालिया शामिल रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद विशाल भोजक ने कहा कि युवा कांग्रेस को ज्यादा सक्रिय बनाया जाएगा। उन्होंने बेरोजगारी, शिक्षा और महंगाई जैसे मुद्दों पर संघर्ष तेज करने की बात कही। उनका फोकस युवाओं को संगठन से जोड़ने और उनकी आवाज को मजबूती से उठाने पर रहेगा। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने नई टीम को बधाई दी और भरोसा जताया कि संगठन में नई ऊर्जा आएगी।






