Lucknow City

डायल-112 पर हमला : नशे में युवक ने पुलिस की गाड़ी तोड़ी, मौके से दबोचा गया आरोपी

मोहनलालगंज में मारपीट की सूचना पर पहुंची थी पुलिस टीम, शीशा तोड़ने जाने के बाद फैली अफरातफरी, सख्त कार्रवाई के निर्देश

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 3 मई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र के अतरौली गांव में शनिवार देर शाम मारपीट की सूचना पर पहुंची डायल-112 की पुलिस टीम पर ही एक युवक ने हमला कर दिया। इस घटना से हड़कंप मच गया। शराब के नशे में धुत बताए जा रहे युवक ने गुस्से में आकर पीआरबी वाहन पर पत्थर बरसा दिया। इससे गाड़ी का शीशा चकनाचूर हो गया।

जानकारी के मुताबिक अतरौली गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हो रही थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। पीआरबी टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान गांव का रहने वाला भालेन्द्र उर्फ भल्लू पुलिस कार्रवाई से भड़क उठा और अभद्रता करने लगा।कथित तौर पर वह नशे में था।

WhatsApp Image 2026-05-03 at 11.13.57 AM

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते युवक ने पास में पड़ा एक बड़ा पत्थर उठाया और सीधे पुलिस वाहन पर दे मारा। पत्थर इतनी जोर से लगा कि वाहन का शीशा टूट गया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई और ग्रामीण इधर-उधर भागने लगे।

हालांकि पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाला और आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर मोहनलालगंज कोतवाली लाया गया जहां उससे पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पुलिस कार्य में बाधा डालने और अभद्रता समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।

एसीपी विकास पांडेय ने कहा कि पुलिस पर हमला करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल रहा लेकिन पुलिस की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में आ गई। फिलहाल आरोपी के नशे में होने की भी पुष्टि की जा रही है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button