प्रयागराज, 6 मई 2026:
तीर्थनगरी प्रयागराज में ‘रक्षा त्रिवेणी संगम’ थीम पर आयोजित नॉर्थ टेक सिम्पोजियम (एनटीएस) 2026 के समापन समारोह में पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को आधुनिक युद्ध की बदलती तस्वीर को लेकर बड़ा और स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अब लड़ाई केवल सीमाओं तक सीमित नहीं रही बल्कि यह साइबर, स्पेस, डेटा नेटवर्क और इलेक्ट्रोमैग्नेटिक स्पेक्ट्रम तक फैल चुकी है।
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि आज के युद्ध में कीबोर्ड, सैटेलाइट और डेटा भी उतने ही अहम हैं जितने बंदूक और मिसाइल। दुश्मन के नेटवर्क को ठप करना और अपने सिस्टम को सुरक्षित रखना ही नई युद्ध रणनीति का मूल आधार बन चुका है।
मल्टी-डोमेन वॉरफेयर का युग, कीबोर्ड भी हथियार
योगी ने कहा कि सियाचिन की बर्फीली चोटियों से लेकर रेगिस्तान, जंगल, समुद्र और आकाश तक भारतीय सैनिक हर चुनौती के लिए तैयार हैं। लेकिन अब युद्ध का स्वरूप बदल चुका है। यह मल्टी-डोमेन ऑपरेशंस का दौर है, जहां साइबर और स्पेस भी रणभूमि बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि आज युद्ध में दुश्मन के पावर ग्रिड, जीपीएस, बैंकिंग और कम्युनिकेशन सिस्टम को बाधित करना उतना ही प्रभावी है, जितना पारंपरिक हमला। सैटेलाइट्स अब युद्ध की आंख और दिमाग बन चुके हैं।

डिफेंस सेक्टर में आत्मनिर्भरता पर जोर
सीएम योगी ने भारत की रक्षा उत्पादन क्षमता में आई बड़ी छलांग का जिक्र करते हुए कहा कि 600 करोड़ से बढ़कर आज 50 हजार करोड़ रुपये तक रक्षा निर्यात की क्षमता बनना आत्मनिर्भर भारत की ताकत का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
राज्य के डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के 6 नोड्स लखनऊ, कानपुर, झांसी, आगरा, अलीगढ़ और चित्रकूट पर 35,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव जमीन पर उतर रहे हैं। इनमें अलीगढ़ छोटे हथियारों का हब, कानपुर मिसाइल, गोला-बारूद और डिफेंस टेक्सटाइल, लखनऊ-झांसी में ब्रह्मोस और हैवी मैन्युफैक्चरिंग और आगरा-चित्रकूट में एयरोस्पेस और प्रिसिजन इंजीनियरिंग शामिल हैं।
ड्रोन से डेटा तक : UP बन रहा डिफेंस पावरहाउस
मुख्यमंत्री ने बताया कि यूपी डिफेंस कॉरिडोर में स्वदेशी ड्रोन, बुलेटप्रूफ जैकेट, उन्नत संचार प्रणाली और तोप के गोले का निर्माण हो रहा है। आईआईटी कानपुर के साथ ड्रोन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और अन्य संस्थानों के जरिए स्किल्ड वर्कफोर्स तैयार की जा रही है।

21 हजार स्टार्टअप्स, हाईटेक सेक्टर में उछाल
योगी ने कहा कि प्रदेश में 21,000 से ज्यादा स्टार्टअप्स एआई, रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर और ईवी जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। बीमारू छवि से निकलकर यूपी आज देश का ग्रोथ इंजन बन चुका है। मुख्यमंत्री ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि भारत अपनी शक्ति इसलिए बढ़ा रहा है कि उसकी उदारता को कोई कमजोरी न समझे। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शांति और क्षमा की भाषा वही प्रभावी ढंग से बोल सकता है, जिसके पास शक्ति हो।
कानून-व्यवस्था मॉडल बना पहचान
योगी ने कहा कि 2017 में प्रदेश अराजकता से जूझ रहा था, लेकिन आजजीरो टॉलरेंस नीति और रूल ऑफ लॉ ने यूपी को निवेश के लिए सबसे भरोसेमंद राज्य बना दिया है। अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि नेशन फर्स्ट हर सैनिक का जीवन मंत्र है और हर नागरिक के लिए मार्गदर्शक सिद्धांत होना चाहिए। समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा, प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, लेफ्टिनेंट जनरल वी हरिहरन, डीजीपी राजीव कृष्ण, एसआईडीएम के वाइस प्रेसिडेंट नीरज गुप्ता, आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर एके घोष के साथ ही सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।






