राजकिशोर तिवारी
कोटद्वार, 7 मई 2026:
उत्तराखंड के यमकेश्वर में गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास, शिक्षा, आध्यात्म और फिटनेस से जुड़े कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी में विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई। दोनों मुख्यमंत्रियों ने प्रदेश और देश की खुशहाली की कामना की। यमकेश्वर पहुंचने पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे, जहां उन्होंने विष्णु महायज्ञ में भाग लिया। इस दौरान परिवार के लोगों और ग्रामीणों के साथ धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तीन साल पहले यहां सिर्फ आस्था का माहौल था, लेकिन अब भव्य मंदिर आकार ले चुका है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच अपनाने की अपील करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अच्छा नजरिया बेहद जरूरी है। आध्यात्म और ईश्वर भक्ति इंसान को भीतर से मजबूत बनाती है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा और खेल सुविधाएं देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने बिथ्याणी महाविद्यालय को आदर्श कॉलेज के तौर पर विकसित करने और क्षेत्र में मिनी स्टेडियम का निर्माण जल्द शुरू कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि योजनाओं का फायदा आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे।
महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी में छात्राओं ने पारंपरिक अंदाज में दोनों मुख्यमंत्रियों का स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कॉलेज की नई एआई आधारित वेबसाइट का डिजिटल उद्घाटन भी किया गया। वेबसाइट की कार्यप्रणाली के बारे में त्रिलोक चंद्र शर्मा ने जानकारी दी।
कार्यक्रम में तकनीक की झलक तब दिखी जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एआई बॉट से बातचीत कर परीक्षा प्रणाली और रिजल्ट से जुड़े सवाल पूछे। वहीं मुख्यमंत्री धामी ने छात्र संख्या और स्किल डेवलपमेंट से जुड़े विषयों पर जानकारी ली। कॉलेज के नए भवन और सेमिनार हॉल का उद्घाटन भी किया गया। साथ ही ‘विकसित भारत एक संकल्प’ पुस्तक का विमोचन हुआ।
महाविद्यालय परिसर में ओपन जिम का शिलान्यास भी किया गया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने खुद जिम उपकरणों पर व्यायाम कर युवाओं को फिटनेस का संदेश दिया। प्रस्तावित स्टेडियम की जमीन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण प्रक्रिया अंतिम दौर में है और जल्द इसे जनता को समर्पित किया जाएगा। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ धन सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट, निदेशक उच्च शिक्षा डॉ आनंद उनियाल समेत कई अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे।






