डिजिटल स्व-गणना से जुड़ने की अपील… झंडी पार्क से शुरू हुआ जनजागरण अभियान
डिजिटल तरीके से खुद जनगणना भरने का लाइव प्रदर्शन किया, मंत्री ए.के. शर्मा के साथ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी मौके पर स्व-गणना कर लोगों को प्रक्रिया समझाई
लखनऊ, 8 मई 2026:
नगर निगम मुख्यालय लालबाग स्थित झंडी पार्क में शुक्रवार को जनगणना 2027 के पहले चरण ‘मकान सूचीकरण और मकानों की गणना’ को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में नगर विकास और ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने लोगों को डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान ए.के. शर्मा और मौजूद जनप्रतिनिधियों ने खुद अपने परिवार की डिजिटल स्व-गणना कर लोगों को इस अभियान में भागीदारी का संदेश दिया। मौके पर पार्षदों और नगर निगम अधिकारियों ने भी स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की।

अधिकारियों ने लोगों को बताया कि डिजिटल स्व-गणना के जरिए नागरिक अपने घर से ही तय प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जरूरी जानकारी भरनी होगी, जिससे जनगणना का काम तेजी से पूरा हो सकेगा।
कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय उत्तर प्रदेश की निदेशक शीतल वर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार, पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, पंकज श्रीवास्तव, अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविन्द कुमार राव नगर समेत निगम के पार्षद व अधिकारी मौजूद रहे।






