Lucknow City

नौतपा : रात में आंधी-तूफान ने मचाई तबाही… चार की जान गई, दिन में फिर झुलसाने लगी धूप

सोमवार देर रात तेज रफ्तार से चली आंधी ने कई जिलों में पेड़, पोल और होर्डिंग गिराए। मंगलवार सुबह धूप और उमस ने फिर लोगों की मुश्किल बढ़ा दी। मौसम विभाग ने 39 शहरों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, जबकि 28 मई से बारिश और तेज आंधी का दौर शुरू होने की संभावना बताई

लखनऊ, 26 मई 2026:

नौतपा के पहले दिन रात में तेज आंधी और बारिश ने कई जिलों में तबाही मचाई, जबकि दूसरे दिन सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। सोमवार देर रात राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में तेज तूफान आया। लखनऊ में हवा की रफ्तार करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। कई इलाकों में पेड़ और बिजली के पोल गिर गए। होर्डिंग उड़ गए, जबकि कई घरों की पानी की टंकियां भी टूटकर गिर पड़ीं। हादसों में महिला समेत चार लोगों की जान चली गई।

बीती देर रात लखीमपुर खीरी में भी तेज आंधी-तूफान आया। वहां कई जगह पेड़ सड़क पर गिर गए। बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। बस्ती, गोंडा, सीतापुर, अयोध्या, उन्नाव, संभल और गोरखपुर में भी आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई। कई जिलों में पेड़ और पोल उखड़ने से रास्ते बंद हो गए। लखीमपुर, बस्ती और सीतापुर में आंधी-बारिश से जुड़े हादसों में महिला बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई।

WhatsApp Image 2026-05-26 at 12.41.38 PM

मंगलवार सुबह मौसम का मिजाज फिर बदला नजर आया। आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बीच-बीच में तेज धूप निकलती रही। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, गर्मी और उमस बढ़ती गई। मेरठ समेत पश्चिमी यूपी के कई शहरों में दोपहर तक सड़कें सूनी दिखने लगीं। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। गर्म हवाओं ने हालत और मुश्किल कर दी। पशु-पक्षी भी पानी और छांव की तलाश में भटकते दिखाई दिए।

मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 39 शहरों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। बांदा, चित्रकूट और प्रयागराज में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग के मुताबिक अगले 48 से 72 घंटे तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। दिन के साथ रात का तापमान भी बढ़ सकता है।

WhatsApp Image 2026-05-26 at 12.41.39 PM

हालांकि मौसम विभाग ने 28 मई से बड़े बदलाव का अनुमान जताया है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। दो से तीन दिन तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button