Sitapur City

रहस्य बना हेपेटाइटिस का फैलाव… 39 हुई संक्रमितों की संख्या, टेस्ट रिपोर्ट में देरी पर नोटिस

बिसवां के जहांगीराबाद गांव में अब तक 39 संक्रमित मिल चुके, वायरल लोड रिपोर्ट में देरी पर प्रशासन सख्त, डीएम की नाराजगी के बाद लैब प्रभारी समेत सात कर्मचारियों को नोटिस जारी

सीतापुर, 26 मई 2026:

सीतापुर जिले के बिसवां क्षेत्र स्थित जहांगीराबाद गांव में हेपेटाइटिस संक्रमण लगातार फैलता जा रहा है। गांव में अब तक 39 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। दूसरी तरफ मरीजों की वायरल लोड जांच (बीएसएल) रिपोर्ट समय से न मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली सवालों में आ गई है। इस मामले में लैब प्रभारी समेत सात कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है।

बता दें जहांगीराबाद गांव में 21 मई को एक ही परिवार के 11 लोग हेपेटाइटिस सी से संक्रमित मिले थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। गांव में कैंप लगाकर लोगों की जांच शुरू की गई। पहले चरण में 130 लोगों के सैंपल लिए गए थे, जिनमें 10 और संक्रमित मिले। इसके बाद 24 मई की जांच रिपोर्ट में 11 नए मरीज सामने आए।

सभी मरीजों के वायरल लोड की जांच जैव सुरक्षा स्तर लैब में होनी थी, लेकिन रिपोर्ट जारी करने में लगातार देरी हो रही है। अब तक सिर्फ आठ मरीजों की रिपोर्ट दी गई है। इनमें सात लोगों में हेपेटाइटिस सी की पुष्टि हुई है।

डीएम ने मामले की समीक्षा की। जांच रिपोर्ट लंबित मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. इंद्र सिंह ने बीएसएल लैब प्रभारी समेत पूरे स्टाफ को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। तय समय में रिपोर्ट न देने पर वेतन रोकने की चेतावनी भी दी गई है।

उधर, स्वास्थ्य विभाग की 11 टीमों ने गांव में घर-घर स्क्रीनिंग अभियान चलाया। इस दौरान 432 लोगों की जांच की गई। 32 लोगों के नमूने एलाइजा जांच के लिए भेजे गए, जिनमें सात लोगों में हेपेटाइटिस के लक्षण मिले हैं। संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। हालांकि रोग फैलने की वजह अभी पता नहीं चल सकी है लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि उनकी बीमारी दूर हो जाएगी।

जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. दीपेंद्र वर्मा का कहना है कि हेपेटाइटिस से घबराने की जरूरत नहीं है। जिला अस्पताल में इलाज व जांच की निशुल्क सुविधा है। दवा के तीन माह के कोर्स से हेपेटाइटिस आसानी से ठीक हो जाता है। ग्रामीणों से अपील है कि वह स्वास्थ्य टीम का पूरा सहयोग करें। अपना ब्लड सैंपल देकर जांच जरूर कराएं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button