Uttar Pradesh

मां शाकम्भरी के दरबार पहुंचे CM योगी, हादसे के बाद राहत और सुरक्षा का रोडमैप तैयार

सहारनपुर दौरे में मंदिरों में की पूजा-अर्चना, पीड़ितों को राहत, दुकानदारों को मुआवजा और एलिवेटेड रोड को नवरात्रि तक पूरा करने के दिए निर्देश

सहारनपुर, 2 जून 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर के शाकम्भरी देवी क्षेत्र का दौरा कर हाल ही में मां शाकम्भरी देवी खोल में अचानक आए जलप्रवाह से हुई दुर्घटना की गहन समीक्षा की। सोमवार को दौरे की शुरुआत उन्होंने बाबा भूरा देव मंदिर और मां शाकम्भरी देवी मंदिर में विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर की। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर दुर्घटना से हुई जनहानि और धनहानि की जानकारी ली तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि दुर्घटना से प्रभावित दुकानदारों के आर्थिक नुकसान का आकलन कर उन्हें नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंदिर में दर्शन-पूजन की बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जिससे किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार और डीएम अरविंद चौहान ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से घटना की पूरी जानकारी मुख्यमंत्री को दी। डीएम ने बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी गई है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी।

WhatsApp Image 2026-06-02 at 10.35.23 AM

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अतिरिक्त श्रमिक लगाकर परियोजना को शारदीय नवरात्रि तक पूरा करने का प्रयास किया जाए। यदि ऐसा संभव न हो तो दिसंबर तक हर हाल में निर्माण कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया।

सीएम योगी ने कहा कि जब तक पुल निर्माणाधीन है तब तक श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए। साथ ही खोल का चैनलाइजेशन कराया जाए जिससे जलप्रवाह को नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने बाबा भूरा देव मंदिर के निकट उपयुक्त स्थान पर पार्किंग विकसित करने तथा खोल के दोनों किनारों पर बोल्डर लगाने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाएं मनुष्य के नियंत्रण में नहीं होतीं लेकिन आधुनिक तकनीक और समय पर चेतावनी प्रणाली के जरिए जनहानि और धनहानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल अलर्ट जारी किया जाए और नुकसान की सूचना बिना विलंब शासन तक पहुंचाई जाए जिससे राहत कार्य समय पर संचालित किए जा सकें। मुख्यमंत्री के निर्देशों से शाकम्भरी क्षेत्र में सुरक्षा, सुविधा और विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button