एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 2 जून 2026ः
यूपी की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज विकास खंड क्षेत्र में किसानों की समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की बैठक हुई। इस दौरान नदौली-पुरहिया ड्रेन की खुदाई का मुद्दा मुख्य रहा। किसानों ने कहा कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे।
मोहनलालगंज विकास खंड क्षेत्र के पुरहिया गांव में आयोजित हुई बैठक में मुख्य मुद्दा ड्रेन की वर्षों पुरानी समस्या को लेकर प्रभावित किसानों से संवाद स्थापित करना व उसके समाधान के लिए रणनीति तैयार करना रहा। इस दौरान किसानों ने बताया कि जब इस ड्रेन की खुदाई का कार्य प्रारंभ किया गया था, तब उनके पूर्वजों ने विभिन्न कारणों से इसका विरोध किया था और ड्रेन को पूरी तरह खुदने नहीं दिया गया। इसका खामियाजा आज क्षेत्र के किसान भुगत रहे हैं।
ड्रेन की उचित खुदाई और सफाई न होने के कारण बरसात व सिंचाई का पानी खेतों में भर जाता है, जिससे बड़ी संख्या में कृषि भूमि जलमग्न रहती है और फसल प्रभावित होती है। किसानों ने कहा कि अब वे इस समस्या का स्थायी समाधान चाहते हैं। वे ड्रेन की खुदाई के लिए पूरी तरह तैयार हैं। किसानों ने कहा कि सिंचाई विभाग जैसे चाहे ड्रेन की खुदाई व सफाई करा सकता है। सभी किसान विभाग का पूरा सहयोग करेंगे।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के लखनऊ मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह ने ऊसर सुधार विभाग उन्नाव के अवर अभियंता संदीप कुमार से बात की। अवर अभियंता ने बताया कि विभाग वर्तमान में केवल ड्रेन की सफाई का कार्य करा सकता है, नई खुदाई कराने का अधिकार उनके पास नहीं है। इसके लिए प्रमुख अभियंता सिंचाई विभाग एवं प्रमुख अभियंता ऊसर सुधार विभाग की मंजूरी जरूरी होगी।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल लखनऊ स्थित प्रमुख अभियंता सिंचाई विभाग और प्रमुख अभियंता ऊसर सुधार विभाग के कार्यालय पहुंचकर ड्रेन की खुदाई एवं समस्या के स्थायी समाधान के संबंध में बात करेगा। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि अधिकारियों ने उनकी मांगों पर गौर नहीं किया तो क्षेत्र के किसान ड्रेन स्थल पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष साहबदीन फौजी, बद्री विशाल बाजपेई, राजेश सिंह, कृष्ण पाल सिंह, देशराज सिंह, अवधेश कुमार शुक्ला, नवनीत बाजपेई, मनीष दीक्षित सहित क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।






