Uttarakhand

कुंभ मेला के लिए उत्तराखंड सरकार का मेगा प्लान… भव्य बनाने के लिए होंगे ये इंतजाम

परामर्शदात्री समिति की बैठक में कुंभ मेला की तैयारियों को लेकर हुआ मंथन, प्रशासन मेले को ऐतिहासिक व सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयार कर रहा योजनाएं

योगेंद्र मलिक

हरिद्वार, 3 जून 2026ः

उत्तराखंड की सरकार ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर कमर कस ली है। इसी क्रम में परामर्शदात्री समिति की बैठक में कुंभ मेले के भव्य, दिव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर मंथन किया गया। मेले की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कई सुझाव भी दिए गए।

मेला अधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में मेला नियंत्रण भवन के सभागार में बैठक हुई। इसमें हरिद्वार, ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक, नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया। सभी ने पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है। उन्होंने कहा कि इसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं।

मेला अधिकारी ने कहा कि प्रशासन कुंभ मेला को ऐतिहासिक व सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर योजनाएं तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि समिति व स्थानीय हितधारकों से प्राप्त सुझाव प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि स्थानीय लोगों को क्षेत्र की भौगोलिक, सामाजिक और व्यावहारिक परिस्थितियों का व्यापक अनुभव होता है। इन सुझावों के आधार पर विभिन्न व्यवस्थाओं का आकलन करते हुए सुधार किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए भी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। कहा कि मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक और सकारात्मक अनुभव प्रदान करने के लिए सभी विभागों को मिलकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

सोनिका ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर कुंभ क्षेत्र के निर्माण के लिए विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं। घाटों, मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके साथ ही अतिक्रमण हटाने व अवैध निर्माणों पर नियंत्रण के लिए भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही निर्बाध बनी रहे।

मेला अधिकारी ने ‘हरित हरिद्वार’ अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला को पर्यावरण के अनुकूल और हरित स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से मेला प्रशासन, जिला प्रशासन व हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सहयोग से बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। मेला प्रशासन ने इन सुझावों पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।

बैठक में नगर निगम हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, नगर निगम ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, डीएम मयूर दीक्षित, उप निदेशक सूचना मनोज श्रीवास्तव, भारत माता मंदिर के स्वामी ललितानंद, भारत साधु समाज के स्वामी शिवानंद, मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के महेश कुमार दुबे, व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, धर्मशाला समिति के अध्यक्ष महेश गौड़, उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button