विकास गोंड
वाराणसी, 3 जून 2026
यूपी के वाराणसी में मंगलवार देर रात को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। राजघाट स्थित काशी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे की जमीन पर बनी मस्जिद को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी तरह की कोई अप्रिय घटना न हो।
दरअसल, काशी रेलवे स्टेशन के विस्तार और विकास कार्य के तहत रेलवे प्रशासन द्वारा क्षेत्र की पैमाइश कराई जा रही थी। इसी दौरान जांच में सामने आया कि स्टेशन के पास बनी मस्जिद रेलवे की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित है। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने मस्जिद के मुतवल्ली को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया।

नोटिस के बावजूद निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो रेलवे प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का निर्णय लिया। संवेदनशील मामले को देखते हुए प्रशासन ने कार्रवाई के लिए देर रात का समय चुना। रात होते ही रेलवे अधिकारियों, राजस्व विभाग और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर से मस्जिद को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान किसी भी व्यक्ति को आसपास जाने की अनुमति नहीं दी गई। पूरे अभियान की निगरानी वरिष्ठ अधिकारी कर रहे थे।
प्रशासन का कहना है कि रेलवे की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और हालात पूरी तरह सामान्य बताए जा रहे हैं।






