राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 3 जून 2026ः
उत्तराखंड के देहरादून में ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ मुहिम के तहत पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने कोबरा गैंग से जुड़े दो विदेशी नागरिकों समेत तीन ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत की 20.92 ग्राम अवैध कोकीन बरामद की।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कोबरा गैंग से जुड़े कुछ ड्रग पैडलर राजपुर क्षेत्र में आयोजित होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों में कोकीन की सप्लाई करने पहुंचे हैं। पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने जोहड़ी रोड स्थित पुरानी मजार के पास स्कूटी सवार दो विदेशी नागरिकों को 9.15 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस ने ओल्ड मसूरी रोड स्थित सीआईएसएफ तिराहे के पास एक कार से 11.77 ग्राम कोकीन बरामद कर एक अन्य आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार विदेशी तस्करों की पहचान सूडान निवासी माइकल इक्का मेकसन और लेविकिरी वानिकी के रूप में हुई, जबकि तीसरा आरोपी जावेद आलम यूपी के सहारनपुर का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली से कोकीन लेकर आए थे और इसे देहरादून की पार्टियों में सप्लाई करने की तैयारी में थे।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी, कार, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पैकिंग सामग्री भी जब्त की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इससे पहले भी कोबरा गैंग के 13 सदस्यों को गिरफ्तार कर ढाई करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 200 ग्राम कोकीन बरामद की जा चुकी है।






