Gorakhpur

शादी के नाम पर दो दफा सौदा… तीसरी बार बिकने से पहले दलालों के चंगुल से छूटी, पुलिस को बताया सच

20 साल की युवती के साथ घिनौना खेल, गांव की दो महिलाएं बहला-फुसलाकर हरियाणा ले गईं, राजस्थान में भी कराई गई शादी, गर्भ ठहरने के बाद जबरन गर्भपात कराने का भी आरोप, एसएसपी के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

गोरखपुर, 4 जून 2026:

गोरखपुर के चौरी चौरा इलाके की 20 वर्षीय युवती ने शादी के नाम पर धोखाधड़ी, शोषण और सौदेबाजी का गंभीर आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि गांव की दो महिलाओं ने उसे हरियाणा ले जाकर शादी करा दी। वहां प्रताड़ना झेलने के बाद उसे राजस्थान भेज दिया गया, जहां दूसरी शादी कराई गई। अब उसकी तीसरी शादी कराने की तैयारी चल रही थी, लेकिन वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर अपने घर पहुंच गई। पीड़िता एसएसपी से मिली, निर्देश के बाद चौरी चौरा पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

युवती ने पुलिस को बताया कि उसके गांव की दो महिलाएं हरियाणा में रहती हैं और उनकी शादी वहीं हुई है। दोनों उसे अपने साथ हरियाणा ले गईं, जहां आदमपुर मंडी थाना क्षेत्र के सिसवाल निवासी रवि से उसकी शादी करा दी गई। आरोप है कि शादी के बाद पति शराब पीकर आए दिन मारपीट करता था और उसका शोषण करता था।

जब उसने अपनी परेशानी गांव की उन महिलाओं को बताई तो उन्होंने उसे अपने पास बुला लिया। इसके बाद राजस्थान के झुंझुनूं जिले के दोबड़ा गांव निवासी राजेश से उसकी दूसरी शादी करा दी गई। युवती का कहना है कि वह करीब 10 महीने तक उसके साथ रही। इसी दौरान वह गर्भवती भी हो गई।

ये भी पढ़ें:

पीड़िता के मुताबिक, इसी बीच गांव की महिलाओं ने फोन कर बताया कि हरियाणा वाला युवक उसके खिलाफ केस दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। यह बात दूसरे पति को पता चली तो उसने जबरन गर्भपात करा दिया और घर से निकाल दिया।

Advertisement

घर से निकाले जाने के बाद युवती उस बिचौलिए के पास पहुंची, जिसने उसकी शादी कराई थी। आरोप है कि वहां भी उसकी मदद नहीं की गई। उल्टा उसकी तीसरी शादी कराने की तैयारी शुरू कर दी गई। युवती किसी तरह वहां से निकलकर गोरखपुर पहुंची और पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की।

जांच में यह पहलू भी सामने आ रहा है कि युवती को शादी के नाम पर एक जगह से दूसरी जगह भेजने के पीछे पैसों का लेनदेन हुआ हो सकता है। पुलिस इस एंगल पर भी पड़ताल कर रही है। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

ये भी पढ़ें  Breaking... बाढ़ के बीच पूर्वांचल में योगी, बलिया में आसमान से रेस्क्यू मिशन पर नजर, देंगे कई सौगातें

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link