Hardoi City

हरदोई आए एक्टर फैसल खान, कहा… भाई आमिर खान की फिल्में ठीक नहीं चलीं, मैं ऑफर करूंगा मूवी

पुश्तैनी जमीनों की देखरेख के लिए हरदोई पहुंचे फैसल ने पारिवारिक रिश्तों और पुराने विवादों पर की खुलकर बात, आमिर खान की फिल्मों पर भी की टिप्पणी, कहा- अच्छी कहानी होगी तभी चलेगी फिल्म

नितेश चन्द्र शुक्ला

हरदोई, 4 जून 2026:

बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के भाई फैसल खान हरदोई के शाहाबाद पहुंचे। यहां उन्होंने परिवार की पुश्तैनी जमीनों का जायजा लिया और मीडिया से बातचीत में कई मुद्दों पर बेबाक राय रखी। चर्चा सिर्फ जमीन जायदाद तक सीमित नहीं रही, बल्कि पारिवारिक रिश्तों, आमिर खान की फिल्मों, पुराने विवादों और उत्तर प्रदेश में बन रही फिल्म सिटी पर भी हुई।

बताया गया कि शाहाबाद के अख्तियारपुर और दिलावरपुर गांव में खान परिवार की करीब 120 बीघा जमीन और बागान हैं। फैसल खान इन्हीं संपत्तियों की देखरेख के सिलसिले में हरदोई आए थे। उन्होंने बताया कि परिवार का केयरटेकर पिछले करीब दस वर्षों से फालिज के कारण बिस्तर पर है। ऐसे में अब उन्हें खुद जिम्मेदारी संभालनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि खेती और फार्मिंग में उनकी हमेशा से दिलचस्पी रही है और अब वह दोबारा खेतों से जुड़ना चाहते हैं।

फैसल ने बताया कि यह संपत्ति निखत ट्रस्ट के अंतर्गत आती है, जिसके ट्रस्टियों में जीनत ताहिर हुसैन, निखत खान, आमिर खान और वह स्वयं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यहां स्थित करीब एक एकड़ में फैला पुराना मकान भी अब काफी जर्जर हो चुका है।

पुराने पारिवारिक विवादों का जिक्र करते हुए फैसल खान ने कहा कि एक दौर में उन्हें मानसिक रूप से बीमार तक बताया गया था और उन पर पैरानॉयड स्किजोफ्रेनिया जैसे आरोप लगाए गए थे। मामला अदालत तक पहुंचा, लेकिन अदालत ने उन्हें पूरी तरह सामान्य व्यक्ति माना और फैसला उनके पक्ष में दिया। उन्होंने एक मूवी डायरेक्ट की, एक गीत भी गाया। ऐसा तभी हो सकता है जब कोई बिल्कुल ठीक हो।

आमिर खान की फिल्मों पर पूछे गए सवाल पर फैसल ने कहा कि हाल के वर्षों में उनकी कई फिल्में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकीं। उन्होंने कहा कि अच्छी कहानी होगी तभी फिल्म चलेगी। मौका मिला तो वह आमिर के लिए कहानी भी लिख सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पहले दोनों साथ काम करने वाले थे, लेकिन बाद में ऐसा नहीं हो सका।

उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित फिल्म सिटी को लेकर उन्होंने योगी सरकार की पहल की सराहना की। फैसल ने कहा कि इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और फिल्म उद्योग को नया मंच मिलेगा। उन्होंने इच्छा जताई कि भविष्य में वह उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में फिल्मों की शूटिंग करना चाहेंगे।

आमिर खान के पुराने बयान, जिसमें देश में डर लगने की बात कही गई थी, उस पर फैसल ने कहा कि उन्हें देश में कहीं भी डर महसूस नहीं होता। उन्होंने कहा कि उन्हें हर जगह लोगों का प्यार मिला है। जब पत्रकारों ने पूछा कि वह आमिर खान को शाहाबाद क्यों नहीं लाते, तो फैसल ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि वह कोई गाय-भैंस नहीं हैं कि पकड़कर ले आएं, जब उनका मन होगा वह खुद आ जाएंगे। भाइयों के रिश्तों को लेकर पूछे गए सवाल पर फैसल ने कहा कि रिश्तों में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। कभी बातें अच्छी होती हैं, कभी मतभेद भी होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button