लखनऊ, 7 जून 2026:
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई और अपर्णा यादव के पति स्वर्गीय प्रतीक यादव के जन्मदिन पर परिवार एक बार फिर भावुक नजर आया। 13 मई को अचानक हुए उनके निधन के बाद यह पहला जन्मदिन है, जिसे परिवार ने प्रतीक की यादों के साथ मनाया। पत्नी अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने दिवंगत पति को याद किया।
अपर्णा ने फेसबुक पर प्रतीक यादव और अपनी छोटी बेटी पद्मजा के साथ एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, जैसा आप कहते थे, आप हमेशा जवान रहेंगे। इस एक पंक्ति में उनके दर्द और यादों की गहराई साफ झलक रही थी। इसके साथ ही उन्होंने फेसबुक स्टोरी में प्रतीक यादव का एक वीडियो भी साझा किया जिसमें वह कार रेसिंग करते दिखाई दे रहे हैं।
पिता के जन्मदिन पर बेटियों ने भी अपने-अपने अंदाज में उन्हें श्रद्धांजलि दी। बड़ी बेटी प्रथमा ने पियानो पर ‘हैप्पी बर्थडे’ की धुन बजाकर अपने पापा को याद किया। यह वही सफेद पियानो है, जिसे प्रतीक यादव ने अपनी बेटी को उपहार में दिया था। वहीं छोटी बेटी पद्मजा पिछले दिनों ही अपने पिता की याद में एक खास टैटू बनवा चुकी हैं। टैटू में प्रतीक यादव अपनी बेटी को सीने से लगाए हुए दिखाई देते हैं, जो पिता-पुत्री के गहरे रिश्ते की भावुक तस्वीर पेश करता है।

गौरतलब है कि 13 मई की सुबह महज 38 वर्ष की उम्र में प्रतीक यादव का निधन हो गया था। अगले दिन लखनऊ के बैकुंठ धाम श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां मुखाग्नि उनके ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने दी थी। 16 मई को हरिद्वार में उनकी अस्थियां विसर्जित की गईं। इस दौरान अपर्णा यादव बेटियों के साथ चार्टर्ड विमान से उत्तराखंड पहुंची थीं। शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव भी उनके साथ मौजूद रहे।
25 मई को विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर आयोजित तेरहवीं संस्कार में भी भावनात्मक माहौल देखने को मिला था। जब उपस्थित लोगों ने प्रतीक भैया अमर रहें के नारे लगाए तो अपर्णा यादव की आंखें नम हो गई थीं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे थे और उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की थी।
करीब 14 साल पहले प्रेम विवाह के बंधन में बंधे प्रतीक और अपर्णा के रिश्ते में इस साल जनवरी में एक बड़ा उतार-चढ़ाव भी आया था। प्रतीक ने सोशल मीडिया पर तलाक की घोषणा कर सबको चौंका दिया था लेकिन नौ दिन बाद दोनों के बीच सुलह हो गई थी। तब प्रतीक ने अपर्णा के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा था… All is Good। आज वही तस्वीरें और यादें परिवार की सबसे बड़ी पूंजी बन गई हैं।






