ElectionsLucknow CityPolitics

UP Politics: अखिलेश का BJP पर ‘वार’- विज्ञापन में निवेश, न्यूज में नौकरियां, AI वीडियो से बिजली तक खूब बरसे

सपा में BJP-BSP नेताओं की एंट्री के बीच अखिलेश यादव ने सरकार पर रोजगार, निवेश, किसान, बिजली और कानून-व्यवस्था को लेकर साधा निशाना, बोले- विज्ञापनों के आंकड़े जोड़ दें तो प्रदेश में कोई बेरोजगार ही नहीं बचेगा

लखनऊ, 19 सितंबर 2026:

UP Assembly Elections की आहट के साथ प्रदेश की सियासत में बयानबाजी और दल-बदल का दौर तेज होता जा रहा है। शनिवार को भाजपा और बसपा से जुड़े कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी का दामन थामा। इसी दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर रोजगार, निवेश, बिजली, किसान, कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार और निवेश के आंकड़ों की ऐसी तस्वीर पेश कर रही है जिसका जमीनी हकीकत से मेल नहीं है।

‘निवेश सिर्फ विज्ञापनों में दिख रहा’

अखिलेश यादव ने कहा कि अखबारों में एक ही दिन में कई-कई विज्ञापन प्रकाशित हो रहे हैं। उनका आरोप था कि निवेश और उद्योग विज्ञापनों में दिखाई दे रहे हैं जबकि नौकरियां न्यूज में दिखाई जा रही हैं। उन्होंने तंज किया कि अगर विज्ञापनों में बताई गई नौकरियों को जोड़ दिया जाए तो प्रदेश में कोई बेरोजगार ही नहीं बचेगा। अखिलेश ने युवाओं को रोजगार नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए आय दोगुनी करने के वादे पर भी सरकार को घेरा।

आलू के विज्ञापन का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल किया कि प्रदेश में आलू की कितनी पैदावार हुई, बजट में कितना प्रावधान किया गया और किसानों से कितनी खरीद हुई। उन्होंने कहा कि अगर किसान को एक पैसा भी मिला हो तो सरकार उसे बताए।

ये भी पढ़ें:

akhilesh-yadav-press-conference-bjp-attack-employment-investments-lucknow (2)

Advertisement

AI वीडियो पर भी सरकार को घेरा

अखिलेश ने आरोप लगाया कि आने वाले समय में भाजपा सरकार AI से बने वीडियो देखने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई कर सकती है। उन्होंने विपक्षी नेताओं और पीडीए से जुड़े लोगों को कथित तौर पर परेशान किए जाने का आरोप लगाया। उनका दावा था कि हजारों करोड़ रुपये खर्च कर लोगों की छवि खराब करने और निगेटिव कंटेंट तैयार करने का काम किया जा रहा है। हाल के दिनों में भाजपा और सपा के बीच AI-generated वीडियो को लेकर बयानबाजी भी सामने आई है।

’10 साल में एक भी पावर प्लांट नहीं लगा’

बिजली के मुद्दे पर भी सपा अध्यक्ष ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में एक भी नई पावर यूनिट नहीं लगाई गई। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब दीयों का कंपटीशन चल रहा है कि कौन ज्यादा दीये जलाएगा। छात्रसंघ चुनावों का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली में छात्रसंघ चुनाव हो सकते हैं तो उत्तर प्रदेश में भी होने चाहिए।

रायबरेली-सीतापुर की घटनाओं पर उठाए सवाल

अखिलेश ने रायबरेली में छात्र सभा के कार्यक्रम को कथित तौर पर रोके जाने और सीतापुर में पुलिस-प्रशासन पर कथित पक्षपात का आरोप लगाया। लखीमपुर में सड़क निर्माण को लेकर वीडियो वायरल करने वाले ग्रामीणों पर कथित अत्याचार का भी उन्होंने मुद्दा उठाया और कहा कि पार्टी की कमेटी वहां भेजी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि सपा इस पर लगातार नजर रख रही है कि एसआईआर में किसी तरह की गड़बड़ी न हो। चुनाव से पहले चुनाव आयोग की समीक्षा पर भी नजर रहेगी।

BSP-BJP से आए नेताओं ने थामा सपा का हाथ

इस दौरान बांदा से बसपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके मयंक दीक्षित, श्रावस्ती से भाजपा छोड़कर आए नंद किशोर गिरी और उत्तर प्रदेश चेयरमैन संघ के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र कुमार गुप्ता ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। नेताओं के इस दल-बदल को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा के राजनीतिक विस्तार की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें  आपदा से पहले तैयारी ही सुरक्षा की गारंटी : लखनऊ में सिविल डिफेंस के वार्डेन को दी ट्रेनिंग

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link