Uttarakhand

अर्द्धकुंभ-2027 : त्रिवेणी घाट से गंगा कॉरिडोर तक बदलेगी ऋषिकेश की तस्वीर

156 करोड़ के प्रस्तावित कार्यों पर मंथन, त्रिवेणी घाट पुनर्विकास का प्लान सामने आया, चंद्रभागा पैदल पुल, आस्था पथ सौंदर्यीकरण और नदी तट संरक्षण परियोजनाओं की समीक्षा, पेयजल, सीवरेज, स्ट्रीट लाइटिंग और ई-बस इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी योजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 19 जून 2026:

अर्द्धकुंभ मेला-2027 को देखते हुए ऋषिकेश में चल रही बड़ी परियोजनाओं की रफ्तार बढ़ाने पर जोर दिया गया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में हुई जिला गंगा समिति की बैठक में त्रिवेणी घाट पुनर्विकास, गंगा कॉरिडोर, चंद्रभागा पैदल पुल और आस्था पथ से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में नगर निगम ऋषिकेश ने अर्द्धकुंभ-2027 के लिए करीब 156 करोड़ रुपये के प्रस्तावित कार्यों का ब्यौरा रखा। उत्तराखंड जल संस्थान ने पेयजल और दूसरी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कामों की जानकारी दी। यूयूएसडीए, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग समेत कई एजेंसियों ने अपनी रिपोर्ट पेश की।

त्रिवेणी घाट के पुनर्विकास पर विशेष प्रस्तुति दी गई। इसके तहत घाट को धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों के अनुरूप विकसित करने की योजना पर चर्चा हुई। मां सरस्वती मंदिर क्षेत्र तक सौंदर्यीकरण, अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए अलग क्षेत्र बनाने के साथ बाढ़ के खतरे को ध्यान में रखकर संरचनात्मक सुरक्षा पर भी फोकस किया गया।

चंद्रभागा पैदल पुल परियोजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने इसे ज्यादा सुरक्षित और आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। विभिन्न घाटों के पुनर्विकास, नदी तट संरक्षण और पर्यटन सुविधाओं को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में केएफडब्ल्यू वित्तपोषित एकीकृत शहरी अवसंरचना विकास परियोजना की भी समीक्षा की गई। इसके तहत पेयजल, सीवरेज, ठोस कचरा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइटिंग, इलेक्ट्रिक बस इंफ्रास्ट्रक्चर और जल निकासी से जुड़े काम शामिल हैं।

डॉ. आशीष चौहान ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को तय समय में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर आयुक्त विजयनाथ शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त ऋषिकेश दीक्षांत गुप्ता, परियोजना प्रबंधक एस.के. सिंह, संजीव वर्मा, अधिशासी अभियंता भृगु द्विवेदी समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button