National

पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का ऐलान : पश्चिम बंगाल में दो चरणों में वोटिंग, 4 मई को आएंगे नतीजे

असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान, तमिलनाडु में 23 अप्रैल को डाले जाएंगे वोट, पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को कराई जाएगी वोटिंग, आचार संहिता लागू

न्यूज डेस्क, 15 मार्च 2026:

भारत निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार शाम नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनावी कार्यक्रम की घोषणा की। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही इन सभी राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। पश्चिम बंगाल में मतदान दो चरणों में कराया जाएगा, जहां 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पांचों राज्यों के चुनाव नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

आयोग के अनुसार इन सभी विधानसभाओं का कार्यकाल मई 2026 में समाप्त हो रहा है। ऐसे में संवैधानिक प्रक्रिया के तहत अप्रैल-मई के दौरान चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। गौरतलब है कि वर्ष 2021 में इन पांचों राज्यों के चुनाव कार्यक्रम का ऐलान फरवरी माह में किया गया था।

ये भी पढ़ें:

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए इस बार सभी मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी। इससे मतदान प्रक्रिया की बेहतर निगरानी संभव होगी और किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी।

इसी के साथ आयोग ने छह राज्यों की आठ विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तारीखों का भी ऐलान किया है। इन सीटों में गोवा की पोंडा, गुजरात की उमरेठ, कर्नाटक की बागलकोट और दावनगर साउथ, महाराष्ट्र की रहुरी और बारामती, नगालैंड की कोरीडांग तथा त्रिपुरा की धर्मनगर सीट शामिल हैं। ये सभी सीटें संबंधित विधायकों के निधन के कारण रिक्त हुई हैं।

उपचुनाव के कार्यक्रम के अनुसार गोवा, कर्नाटक, नगालैंड और त्रिपुरा की सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं गुजरात और महाराष्ट्र की सीटों पर 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इन उपचुनावों के नतीजे भी 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें  महाकुंभ में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और तकनीकी दृष्टि से पेश किया अभूतपूर्व मॉडल : डीजीपी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link