“नगर निगम टीम पर हमला: पुलिस कमिश्नर की अनदेखी से नाराज मेयर ने डीएम को किया फोन!”

लखनऊ,30 दिसंबर 2024
लखनऊ के इंदिरानगर में मानस एन्क्लेव के पास अवैध बस्ती हटाने गई नगर निगम टीम पर असमियों ने लाठी-डंडों और तलवार से हमला कर दिया। घटना के दौरान पुलिस बल और नगर आयुक्त समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मेयर सुषमा खर्कवाल भी वहां पहुंचीं। मेयर ने घटना की कड़ी निंदा की और अवैध झोपड़ पट्टियों को तुरंत बुलडोजर से हटाने का आदेश दिया। नाराज मेयर ने पुलिस कमिश्नर का फोन न उठने पर डीएम को कॉल कर घटना की जानकारी दी और पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाए।
झोपड़ियों की जमीन चांद बाबू नामक व्यक्ति की बताई गई, जो हर झोपड़ी से ₹500 किराया वसूलता था। 100 झोपड़ियों में बिजली-पानी के कनेक्शन भी मिले। मेयर ने आरोप लगाया कि इन झोपड़ियों में अवैध गतिविधियां चलती हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। इससे पहले भी इसी तरह के हमले शहर में हो चुके हैं, जिनमें बांग्लादेशी निवासी शामिल पाए गए थे। मेयर ने जमीन मालिक और हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।






