
देहरादून, 6 अगस्त 2026:
कुमाऊं के सीमांत इलाके के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से उठ रही मांग के बाद अब बनबसा रेलवे स्टेशन पर 15093/15094 अमृतसर–टनकपुर एक्सप्रेस का नियमित ठहराव होगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध को मंजूरी देते हुए इसकी स्वीकृति दे दी है। इस फैसले की जानकारी रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री को भेजे गए आधिकारिक पत्र के जरिए दी।
लंबे समय से उठ रही थी ठहराव की मांग
बनबसा रेलवे स्टेशन नेपाल सीमा से सटा अहम स्टेशन है। यहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, व्यापारी, विद्यार्थी, सैनिक परिवार, पर्यटक और श्रद्धालु रेल सेवा का इस्तेमाल करते हैं। अमृतसर–टनकपुर एक्सप्रेस के ठहराव की मांग काफी समय से की जा रही थी। अब मंजूरी मिलने के बाद इस इलाके के यात्रियों को सफर के लिए दूसरे स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री के अनुरोध पर लिया गया फैसला
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव का प्रस्ताव केंद्रीय रेल मंत्री के सामने रखा था। इसके बाद रेलवे ने जनसुविधा को देखते हुए प्रस्ताव पर सकारात्मक फैसला लिया। अब अमृतसर–टनकपुर एक्सप्रेस का बनबसा स्टेशन पर नियमित स्टॉपेज रहेगा।
व्यापार, शिक्षा और पर्यटन को मिलेगा सहारा
इस फैसले से सीमांत क्षेत्र के कारोबार को भी गति मिलने की उम्मीद है। स्थानीय व्यापारियों के साथ विद्यार्थियों को आवाजाही में आसानी होगी। उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी बेहतर Rail Connectivity का फायदा मिलेगा। इससे कुमाऊं क्षेत्र का रेल नेटवर्क और मजबूत होगा।

प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस फैसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बनबसा स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव से सीमांत क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। सैनिक परिवारों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं की यात्रा पहले के मुकाबले अधिक आसान होगी। साथ ही कुमाऊं क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।






