ऋषिकेश/देहरादून, 18 अप्रैल 2026:
चारधाम यात्रा 2026 की औपचारिक शुरुआत शनिवार को ऋषिकेश से हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के कार्यक्रम में चारधाम जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी मौके पर निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने देश भर से पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा आस्था और साधना से जुड़ी यात्रा है, जो लोगों को आत्मिक शांति देती है। उन्होंने कहा सरकार की प्राथमिकता है कि यात्रा सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित रहे। इसके लिए तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान साफ-सफाई का खास ध्यान रखने की अपील की। कहा कि देवभूमि की पवित्रता बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी है। इस बार ग्रीन चारधाम यात्रा पर फोकस रखा गया है। केदारनाथ धाम को प्लास्टिक मुक्त बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। वाहनों में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है, यात्रा मार्गों पर सफाई की निगरानी भी बढ़ाई गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यात्रा को आसान बनाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार काम हो रहा है। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर शुरू होने से सफर तेज हुआ है। केदारनाथ और बद्रीनाथ में पुनर्निर्माण कार्य जारी है, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब में सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। ऑल वेदर रोड प्रोजेक्ट से यात्रा मार्ग बेहतर हुए हैं। गौरीकुंड से केदारनाथ और गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक रोपवे परियोजनाएं भी आगे बढ़ रही हैं।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने लोगों से अपील की कि यात्रा पर आने से पहले स्वास्थ्य जांच जरूर कराएं। केदारनाथ में मेडिकल अस्पताल तैयार हो चुका है, बद्रीनाथ में 50 बेड का अस्पताल जून तक शुरू हो जाएगा। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि यात्रा मार्ग पर सिंगल लेन सड़कों और लैंडस्लाइड वाले इलाकों में शटल सर्विस शुरू की गई है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा। कई जगहों पर एलईडी के जरिए यात्रियों को जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री और विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, हेमकुंड गुरुद्वारा ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत बिंद्रा, भास्करानंद भारद्वाज, जितेंद्र नेगी, अजय सिंह, मनोज ध्यानी, संजय शास्त्री, भोपाल सिंह नेगी समेत कई लोग मौजूद रहे।






