लखनऊ, 15 अप्रैल 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित टाटा मोटर्स के प्लांट ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 10 लाख वाहनों का उत्पादन पूरा कर लिया है। इस खास मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को 10 लाखवीं गाड़ी एक अत्याधुनिक ई-बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और खुद भी उसमें सवारी कर इसकी विशेषताओं का अनुभव लिया।
कार्यक्रम के दौरान टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने मुख्यमंत्री को ई-बस की तकनीकी खूबियों से अवगत कराया। इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि 10 लाखवें वाहन का उत्पादन केवल एक औद्योगिक उपलब्धि नहीं बल्कि नए उत्तर प्रदेश की ‘ऐतिहासिक उड़ान’ का लॉन्च पैड है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उस बदलते यूपी की पहचान है जो देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सीएम ने बताया कि 25 करोड़ की आबादी वाले यूपी में 56% युवा हैं। सरकार ने स्किल डेवलपमेंट, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी के जरिए उन्हें इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स में बदलने का काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में बेहतर होती कानून-व्यवस्था, तेजी से विकसित होता इंफ्रास्ट्रक्चर और मजबूत कनेक्टिविटी ने औद्योगिक माहौल को नई मजबूती दी है। यही वजह है कि निवेशक यूपी की ओर आकर्षित हो रहे हैं और बड़े उद्योग यहां अपने कदम बढ़ा रहे हैं।

सीएम योगी ने टाटा समूह की सराहना करते हुए कहा कि टाटा का नाम आज भी देश में भरोसे और गुणवत्ता का पर्याय है। नमक से लेकर स्टील, ऑटोमोबाइल से लेकर सॉफ्टवेयर, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक हर क्षेत्र में टाटा समूह ने भारत को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाई है। यूपी के साथ टाटा की साझेदारी केवल निवेश नहीं बल्कि विश्वास और विकास का मजबूत आधार है।
वहीं, टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि लखनऊ प्लांट में 10 लाख वाहनों का उत्पादन एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि यहां एक मजबूत सप्लायर, पार्टनर और कम्युनिटी इकोसिस्टम मौजूद है। कंपनी ने अगले 5 वर्षों में 20 लाख वाहनों के उत्पादन का लक्ष्य तय किया है।
गौरतलब है कि लखनऊ के चिनहट स्थित देवा रोड प्लांट की स्थापना 1992 में हुई थी। यह प्लांट करीब 8 हजार लोगों को रोजगार दे रहा है। यहां निर्मित वाहन 15 देशों में निर्यात किए जाते हैं।






