National

SIR अभियान को साइबर ठगों ने बनाया नया हथकंडा… बीएलओ बनकर ऐसे खाली कर रहे खाते

पुलिस और निर्वाचन विभाग ने लोगों को साफ चेतावनी दी है कि SIR प्रक्रिया में न OTP की जरूरत होती है, न किसी APK फाइल की। ऐसी कोई भी कॉल आते ही तुरंत सतर्क हो जाएं

सीतापुर, 22 नवंबर 2025:

विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) अभियान का फायदा उठाकर साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। ठग खुद को बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) बताकर लोगों को फोन कर रहे हैं, SIR फॉर्म अपडेट करने का बहाना बनाकर OTP और APK फाइल के जरिए बैंक खातों से हजारों रुपये उड़ा ले रहे हैं। मुंशीगंज व महोली में रहने वाले दो लोगों को साइबर जालसाजों ने शिकार बनाकर 80 हजार पर हाथ साफ कर दिया।

पुलिस और निर्वाचन विभाग ने लोगों को साफ चेतावनी दी है कि SIR प्रक्रिया में न OTP की जरूरत होती है, न किसी APK फाइल की। ऐसी कोई भी कॉल आते ही तुरंत सतर्क हो जाएं। फिलहाल इन सबके बीच मुंशीगंज के धर्मेन्द्र वर्मा को बीएलओ बनकर फोन आया। ठग ने कहा SIR फॉर्म अपडेट करना है, यह APK फाइल खोलकर भर दें। जैसे ही उन्होंने फाइल खोली, मोबाइल बंद हो गया और आधे घंटे बाद खुला तो खाते से 65,000 कट चुके थे। धर्मेन्द्र ने तुरंत 1903 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। ऐसा ही महोली क्षेत्र के राजवीर के साथ हुआ। उनके पास SIR फॉर्म भरवाने के नाम पर कॉल आया। ठग ने OTP मांगा और कुछ मिनटों में 15,000 गायब हो गए। इन्होंने भी 1903 पर शिकायत की।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि SIR अभियान में OTP या App डाउनलोड की कोई जरूरत नहीं
SIR (विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण) एक बिल्कुल ऑफलाइन प्रक्रिया है। बीएलओ केवल गणना प्रपत्र देते हैं, जिसे भरकर वापस देना होता है। OTP, App, APK फाइल, लिंक इनकी SIR में कोई भूमिका नहीं है। पुलिस ने भी चेतावनी दी है कि SIR से जुड़ी कोई भी कॉल आए तो न OTP दें, न कोई फाइल डाउनलोड करें।

ऐसे कर सकते हैं साइबर जालसाजी से बचाव :

– कभी भी OTP साझा न करें, चाहे कॉल करने वाला खुद को अधिकारी बताए।
– APK/अज्ञात ऐप डाउनलोड न करें। मोबाइल हैक हो सकता है।
– SIR से संबंधित जानकारी के लिए केवल अपने स्थानीय बीएलओ से संपर्क करें।
– किसी भी संदिग्ध कॉल या ठगी की कोशिश पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1903 पर शिकायत करें।
– WhatsApp या SMS में आए लिंक बिल्कुल न खोलें।

ये भी पढ़ें  ट्रेड डील को लेकर अखिलेश यादव का सरकार पर हमला, कहा-किसानों की 70% आबादी से धोखा

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link