Lucknow City

मृत व्यक्ति ने बेच दी जमीन! मोहनलालगंज में फर्जी दस्तावेजों का बड़ा खेल उजागर

फर्जी दस्तावेज तैयार कर कीमती जमीनें बेचने वाले जालसाज गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार, निगोहां क्षेत्र के मृत व्यक्ति की बेच डाली थी जमीन

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 18 जनवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में मृत व्यक्तियों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर कीमती जमीनों की बिक्री करने वाले एक जालसाज गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से धोखाधड़ी की रकम से खरीदे गए महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए हैं।

निगोहां क्षेत्र के उदयपुर गांव निवासी विमला सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके स्वर्गीय पति अवधराज के नाम दर्ज जमीन को जालसाजों ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे बेच दिया है। जांच में सामने आया कि अभियुक्तों ने एक अज्ञात व्यक्ति को अवधराज बनाकर 18 जुलाई 2024 को करीब 17 बिस्वा जमीन का बैनामा करा दिया।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-01-18 at 6.19.48 PM

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने मृतक के नाम पर फर्जी आधार कार्ड बनवाकर बैंक ऑफ महाराष्ट्र में खाता खुलवाया। जमीन के खरीदार हेतराम पाल से प्राप्त 7 लाख 20 हजार रुपये इसी फर्जी खाते में जमा कराए गए। इस रकम में से 45 हजार 500 रुपये का उपयोग अभियुक्त राजकुमार ने ऑनलाइन लेनदेन के जरिए वोल्टास कंपनी का एसी और एक एलईडी टीवी खरीदने में किया।

इस मामले में विशेष टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्तों में मोहनलालगंज के बेलहिया खेड़ा निवासी राजकुमार, रंजीत खेड़ा निवासी ज्ञानेंद्र कुमार और माती बिजनौर के रामसिंह खेड़ा निवासी सर्वेश शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक एलईडी टीवी और 1.5 टन क्षमता का एसी बरामद किया है।

प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि यह गिरोह संगठित तरीके से फर्जी गवाह, फर्जी आधार कार्ड और फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल करता था। आरोपियों के खिलाफ पहले भी जालसाजी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य अभियुक्तों और फर्जी विक्रेता की तलाश में जुटी है।

ये भी पढ़ें  केरल : शख्स ने कर्ज और पत्नी के डर से 2 मिनट में लूट लिया बैंक, गिरफ्तार

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link