Uttarakhand

ड्राइवर को पड़ा दौरा, सड़क किनारे बैठे मजदूरों पर चढ़ी City Bus, एक की मौत, चार घायल

पटेलनगर के लालपुल के पास फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को बस ने रौंद दिया, हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मची व लंबा जाम लगा शुरुआती जांच में बस चालक की अचानक तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 23 जून 2026:

राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में मंगलवार को लालपुल के पास एक होटल के बाहर फर्राटा भर रही सिटी बस अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई। उस समय वहां कई मजदूर बैठे हुए थे, जो बस की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चार लोग अस्पताल में भर्ती हैं।

जानकारी के मुताबिक बस अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और फुटपाथ पर जा चढ़ी। टक्कर लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को ई-रिक्शा और ऑटो की मदद से अस्पताल पहुंचाया। हादसे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया और दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। काफी देर तक इलाके में यातायात प्रभावित रहा।

महंत इंदिरेश अस्पताल में इलाज के दौरान 22 वर्षीय आहद पुत्र शान निवासी राजीवनगर चमनपुरी, पटेलनगर की मौत हो गई। घायलों में रतन कुमार निवासी बलिया, उत्तर प्रदेश, संजीत साहनी निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार, सुखराज साहनी निवासी दरभंगा, बिहार और मानसिंह शामिल हैं। इनका इलाज चल रहा है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस चालक अर्जुन (28), पुत्र भीम निवासी जाखन, राजपुर रोड की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। बताया जा रहा है कि उसे दौरा पड़ने के बाद बस पर नियंत्रण नहीं रहा और वाहन फुटपाथ पर चढ़ गया। चालक की हालत खराब होने पर उसे भी कोरोनेशन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे की वजहों का पता लगाया जा रहा है।

READ MORE

ये भी पढ़ें  धामी ने 213 करोड़ के विकास कार्यो को दी मंजूरी... राज्य आंदोलनकारियों के लंबित आवेदनों के निस्तारण की डेट बढ़ी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button