महाराष्ट्र की राजनीति के एक युग का अंत : प्लेन क्रैश में डिप्टी सीएम अजित पवार का निधन
जिला परिषद चुनाव रैली के लिए जा रहे थे बारामती, विमान में सवार चार अन्य लोगों की भी जान गई, हादसे से कुछ मिनट पहले किया था आखिरी पोस्ट, सत्ता के केंद्र और 'किंगमेकर' की छवि
न्यूज डेस्क, 28 जनवरी 2026:
महाराष्ट्र से आज एक दुखद खबर है। राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं कद्दावर नेता अजित पवार का बुधवार सुबह बारामती में एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई है। उनमें अजित पवार के अलावा उनके एक पीएसओ, एक सहायक और चालक दल के दो सदस्य शामिल थे। उड्डयन निदेशालय ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है।
अजित पवार बारामती में जिला परिषद चुनाव के सिलसिले में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करने जा रहे थे। इसी दौरान उनका विमान क्रैश हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन पर बात कर हालात का जायजा लिया और शोक व्यक्त किया।

अजीब विडंबना है कि अपनी अंतिम यात्रा से कुछ मिनट पहले ही अजित पवार ने सोशल मीडिया पर ‘पंजाब केसरी’ लाला लाजपत राय की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की थी। उन्होंने लिखा था, “उनकी देशभक्ति हमें प्रेरित करती रहेगी।” किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनके जीवन का आखिरी सार्वजनिक संदेश होगा।
अजित पवार को महाराष्ट्र की राजनीति में ‘महारत रखने वाले नेता’ के तौर पर जाना जाता था। उनके नाम राज्य में सबसे लंबे समय तक और सर्वाधिक उपमुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड है। उन्होंने पृथ्वीराज चव्हाण, देवेंद्र फडणवीस, उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे जैसे चार अलग-अलग मुख्यमंत्रियों के साथ काम किया।

मंगलवार को ही उन्होंने मुंबई में बुनियादी ढांचे पर कैबिनेट समिति की बैठक में हिस्सा लिया था। उनके अचानक चले जाने से पवार परिवार और महाराष्ट्र की राजनीति में एक ऐसा शून्य पैदा हो गया है, जिसे भरना नामुमकिन है। पिछले कुछ समय से वह परिवार की एकजुटता के लिए भी सक्रिय थे। फिलहाल प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहा है।






