न्यूज डेस्क, 26 अप्रैल 2026:
अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पत्रकारों के साथ आयोजित डिनर कार्यक्रम के दौरान हुई फायरिंग ने दुनियाभर में सनसनी फैला दी। शनिवार शाम आयोजित इस हाई-प्रोफाइल इवेंट में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हमलावर ने होटल के बॉलरूम में अचानक फायरिंग शुरू कर दी। उस समय ट्रंप और अन्य मेहमान बॉलरूम के अंदर ही मौजूद थे। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सक्रियता दिखाते हुए संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। शुरुआती खबरों में हमलावर के मारे जाने की बात कही गई थी लेकिन बाद में पुष्टि हुई कि उसे जिंदा पकड़ा गया है। अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना के कुछ समय बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमला केवल मुझ पर नहीं बल्कि अमेरिका के संविधान पर था। उन्होंने बताया कि सीक्रेट सर्विस की तत्परता और बहादुरी के कारण उनकी जान बच सकी। ट्रंप ने यह भी जानकारी दी कि हमले में घायल एक अधिकारी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से सुरक्षित है।
जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या इस हमले के बारे में पहले कोई इनपुट था तो उन्होंने साफ कहा कि सुरक्षा एजेंसियों को कोई पूर्व सूचना नहीं थी। उन्होंने संदिग्ध को बेहद खतरनाक और मानसिक रूप से अस्थिर बताया।
पुलिस के अनुसार हमलावर करीब 50 गज की दूरी से दौड़ता हुआ आया था। यह भी बताया गया कि संदिग्ध उसी होटल में ठहरा हुआ था जहां कार्यक्रम आयोजित था। उसके कमरे की तलाशी में एक शॉटगन, हैंडगन और कई चाकू बरामद किए गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हमलावर की पहचान 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है। वह कैलिफोर्निया का निवासी है। वह मैकेनिकल इंजीनियरिंग और कंप्यूटर साइंस में उच्च शिक्षा प्राप्त कर चुका है और पार्ट-टाइम टीचर व वीडियो गेम डेवलपर के रूप में काम करता था।
इस घटना पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहत जताते हुए कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप, फर्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति सुरक्षित हैं। उन्होंने लोकतंत्र में हिंसा की कड़ी निंदा करते हुए इसे अस्वीकार्य बताया।
फिलहाल गिरफ्तार हमलावर पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उसे सोमवार को फेडरल अदालत में पेश किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर दुनिया की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।






