कानपुर स्टेशन पर पटरी पर गिरी गोल्फ कार, यात्रियों में मची अफरा-तफरी!

कानपुर,8 फरवरी 2025
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर एक बड़ी दुर्घटना टल गई जब यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई जा रही गोल्फ कार्ट प्लेटफॉर्म नंबर 8 से बैक करते समय अचानक पटरी पर गिर गई। घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों, कुलियों और रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। यदि उस समय कोई ट्रेन आ जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। आनन-फानन में कई लोगों ने मिलकर मशक्कत के बाद गोल्फ कार्ट को वापस प्लेटफॉर्म पर खींच लिया। यह कार्ट खासतौर पर बुजुर्ग, दिव्यांग और भारी सामान वाले यात्रियों के लिए मुफ्त सेवा के रूप में उपलब्ध कराई गई है।
स्थानीय रेलवे कर्मचारियों के मुताबिक, लापरवाही के कारण इस तरह की घटनाएं कभी-कभी हो जाती हैं, लेकिन इस बार किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने तुरंत पटरी पर कूदकर गोल्फ कार्ट को हटाने का प्रयास किया, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सका। यह घटना रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्थाओं और गोल्फ कार्ट संचालन की निगरानी पर सवाल खड़े करती है।






