Uttar Pradesh

पति का अनोखा त्याग : पत्नी की उसके प्रेमी से मंदिर में कराई शादी, भीगी आंखों से दी विदाई

जौनपुर, 18 जून 2025:

यूपी के जौनपुर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति को अपनी पत्नी की जिद और प्रेम के आगे झुकना पड़ा। पति ने अपनी पत्नी का विवाह उसके प्रेमी से करवा दिया। यह वाकया सुइथाकलां क्षेत्र के जंगीपुर गांव का है, जहां दुर्गा मंदिर में विवाहिता की दोबारा शादी संपन्न हुई।

जंगीपुर निवासी अरविंद बिंद ने वर्ष 2023 में खेतासराय क्षेत्र की रीता से धूमधाम से शादी की थी। शादी के बाद कुछ समय तक रीता अपने ससुराल में रही, फिर पति अरविंद उसे नोएडा ले गया। वहां अरविंद को शक हुआ कि रीता किसी युवक से अक्सर फोन पर बात करती है। जब अरविंद ने पूछा तो रीता ने रिश्तेदार से बातचीत का हवाला देकर बात टाल दी।

कुछ समय बाद रीता की तबीयत बिगड़ी और उसने मायके जाने की इच्छा जताई। अरविंद ने उसे मायके भेज दिया। कुछ समय तक दोनों के बीच बातचीत चलती रही, लेकिन फिर रीता का फोन बंद हो गया। ससुराल में पूछताछ करने पर पता चला कि वह अपनी बहन के घर चली गई है।

काफी प्रयासों के बाद रीता को उसका पति घर लाया और उसे फिर से अपने साथ नोएडा ले गया। वहां रीता ने प्रेमी के बारे में सारी सच्चाई स्वीकार की और उसी के साथ रहने की जिद की। काफी समझाने के बाद भी जब रीता नहीं मानी, तो आखिरकार अरविंद ने उसकी खुशी को प्राथमिकता दी और नोएडा से उसे लेकर जौनपुर लौटा। दुर्गा मंदिर में रीता और उसके प्रेमी की शादी करवा दी।

शादी के बाद अरविंद ने अपनी भीगी आंखों से दोनों को विदा कर दिया। यह विवाह दोनों पक्षों की आपसी सहमति से संपन्न हुआ। स्थानीय लोगों ने पति अरविंद के त्याग और इंसानियत की सराहना की, वहीं कुछ लोगों ने विवाहिता की निष्ठा पर सवाल उठाते हुए आलोचना भी की।

ये भी पढ़ें  अयोध्या में ध्वजारोहण से पहले बाराबंकी में मिलेगा रूट डायवर्जन...जान लीजिए पूरा प्लान

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button