स्पोर्ट्स डेस्क, 8 जून 2026:
भारतीय क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में इतिहास रचते हुए पारी और 300 रन से शानदार जीत दर्ज की। यह टेस्ट क्रिकेट में भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले टीम इंडिया की सबसे बड़ी जीत 2018 में राजकोट में वेस्टइंडीज के खिलाफ पारी और 272 रन से थी।
मुल्लांपुर के महाराजा यादविन्द्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने अपनी पहली पारी 8 विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की। जवाब में अफगानिस्तान की टीम पहली पारी में केवल 152 रन पर सिमट गई। फॉलोऑन खेलने उतरी अफगानिस्तान टीम दूसरी पारी में भी भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 112 रन पर ऑलआउट हो गई।

भारत की ओर से डेब्यू टेस्ट खेल रहे युवा स्पिनर मानव सुथार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में 6 विकेट झटके। दूसरी पारी में उन्होंने एक और विकेट हासिल किया। इस तरह उन्होंने मैच में कुल 7 विकेट लेकर अपनी छाप छोड़ी। दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर ने 4 और कुलदीप यादव ने 3 विकेट लिए जबकि मोहम्मद सिराज को 1 की सफलता मिली।
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने मैच के पहले दिन से ही दबदबा बनाए रखा और तीसरे दिन मुकाबला जीत लिया। शुभमन गिल ने 177 गेंदों पर 126 एवं केएल राहुल ने 165 गेंदों पर 100 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके साथ ही अफगानिस्तान के बल्लेबाज भारतीय स्पिन आक्रमण के सामने पूरी तरह संघर्ष करते नजर आए।
इस जीत के साथ भारत ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी 186वीं जीत भी दर्ज की। इसके साथ ही टीम इंडिया सबसे ज्यादा टेस्ट जीत हासिल करने के मामले में वेस्टइंडीज को पीछे छोड़ते हुए चौथे स्थान पर पहुंच गई। बता दें कि वेस्टइंडीज के नाम 185 टेस्ट जीत दर्ज हैं जबकि भारत अब 186 जीत के साथ उससे आगे निकल गया है।






