Lucknow City

इकाना में आज IPL का महासंग्राम : 10 घंटे का ट्रैफिक डायवर्जन… रूट जानकर निकलें

लखनऊ के शहीद पथ व आसपास के मार्गों पर दोपहर 2 से रात 12 बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा, भारी वाहनों पर रोक, दर्शकों के लिए शटल बस और कैब सेवाएं जारी

लखनऊ, 22 अप्रैल 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में आईपीएल का रोमांच चरम पर है। शहीद पथ स्थित इकाना स्टेडियम में आज होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू किया है। दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक स्टेडियम के आसपास और उससे जुड़े प्रमुख मार्गों पर सख्त डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगा।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कमता शहीद पथ तिराहा और अयोध्या रोड से आने वाले वाहन शहीद पथ के जरिए सुल्तानपुर, रायबरेली और कानपुर रोड की ओर नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहनों को कमता तिराहा, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, समतामूलक, करियप्पा, तेलीबाग और बाराबिरवा चौराहों से होकर किसान पथ का इस्तेमाल करना होगा। इसी तरह कानपुर रोड तिराहे से शहीद पथ की ओर जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

सुल्तानपुर रोड के गोसाईंगंज क्षेत्र से भारी वाहनों, बसों और व्यावसायिक ट्रकों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इन्हें अमूल डेयरी मोड़ से वृंदावन योजना या किसान पथ की ओर भेजा जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहीद पथ पर ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए रोडवेज बसों और भारी वाहनों की एंट्री पर पूर्ण रोक रहेगी।

ये भी पढ़ें:

हालांकि, क्रिकेट प्रेमियों के लिए राहत की बात यह है कि निजी वाहन, टैक्सी, ओला-उबर कैब और दोपहिया वाहनों को आवाजाही की अनुमति रहेगी। सिटी ई-बस सेवाएं भी जारी रहेंगी लेकिन हुसड़िया से सुशांत गोल्फ सिटी के बीच बसें न तो सवारी बैठाएंगी और न ही उतारेंगी जिससे स्टेडियम गेट पर भीड़ न बढ़े।

Advertisement

एयरपोर्ट से आने वाले दर्शकों को अहिमामऊ फ्लाईओवर से पहले ही उतरना होगा जबकि अर्जुनगंज की ओर से आने वाले वाहन पीएचक्यू और यूपी-112 के पीछे वाले मार्ग से डायवर्ट किए जाएंगे। यहां से वे जी-20 तिराहे के जरिए गोमतीनगर की ओर जा सकेंगे।

स्थानीय निवासियों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से स्टेडियम मार्गों का उपयोग न करें। केवल मैच देखने वाले दर्शक ही इन रास्तों का चयन करें। परिवहन विभाग ने शहर के विभिन्न इलाकों से अहिमामऊ तक अतिरिक्त शटल बसों की व्यवस्था भी की है। स्टेडियम के अंदर केवल पार्किंग पास वाले वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। बाकी वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  वेतन, पेंशन व सम्मान की मांग: DM दफ्तर पर गरजीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सरकार को 7 मार्च का अल्टीमेटम

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link