स्पोर्ट्स डेस्क, 22 अप्रैल 2026:
आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 47 रन से हरा दिया। घरेलू मैदान पर यह उसकी लगातार तीसरी जीत है। पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में 242 रन बनाए, जवाब में दिल्ली की टीम 195 रन तक ही पहुंच सकी। इधर आज आईपीएल का 32वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
मैच का रुख पूरी तरह अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी ने तय किया। उन्होंने 68 गेंदों पर नाबाद 135 रन बनाए, जिसमें 10 छक्के और 10 चौके शामिल रहे। शुरुआत में ट्रेविस हेड के साथ 97 रन जोड़े, फिर ईशान किशन और हेनरिच क्लासेन के साथ तेज साझेदारियां कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। क्लासेन ने अंत में तेज 37 रन बनाकर रनगति और बढ़ा दी।
दिल्ली के गेंदबाज शुरुआत से ही दबाव में दिखे। पावरप्ले में ही 67 रन दे दिए और बीच के ओवरों में रन लुटाते रहे। स्पिनरों के आठ ओवर में 100 से ज्यादा रन गए, जिससे मैच पूरी तरह हाथ से निकल गया।
242 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत खराब रही। शुरुआती झटकों के बाद केएल राहुल और नीतीश राणा ने पारी संभाली और दूसरे विकेट के लिए 86 रन जोड़े। नीतीश ने 57 रन और राहुल ने 37 रन बनाए, लेकिन जरूरी रनगति लगातार बढ़ती रही।
मध्यक्रम में ईशान मलिंगा ने दिल्ली की उम्मीदों पर ब्रेक लगा दिया। उन्होंने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर मैच का रुख मोड़ दिया। कुल चार विकेट लेकर वह हैदराबाद की जीत के बड़े हीरो बने। हर्ष दुबे ने भी आखिरी ओवर में तीन विकेट लेकर दिल्ली की पारी समेट दी।
अंत में स्टब्स और समीर रिजवी ने कुछ देर मुकाबला जिंदा रखने की कोशिश की, दोनों के बीच 59 रन की साझेदारी भी हुई, लेकिन लक्ष्य बहुत बड़ा था। इस जीत के बाद हैदराबाद आठ अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि दिल्ली छह अंकों के साथ पांचवें नंबर पर खिसक गई।
अभिषेक का धमाका, एक पारी में तोड़े कई रिकार्ड
आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज Abhishek Sharma ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ विस्फोटक शतक जड़ते हुए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। उन्होंने 68 गेंदों पर नाबाद 135 रन बनाए। इस पारी के साथ अभिषेक टी20 क्रिकेट में नौ शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में Virat Kohli की बराबरी पर पहुंच गए। दोनों के नाम अब इस फॉर्मेट में नौ-नौ शतक दर्ज हैं। आईपीएल में भी अभिषेक ने नया मुकाम हासिल किया। वह सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने वालों में David Warner और Heinrich Klaasen के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर आ गए हैं। इसके अलावा अभिषेक ने टी20 क्रिकेट में 350 छक्के भी पूरे कर लिए। एक पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाने का कारनामा उन्होंने दूसरी बार किया, जबकि इस मामले में Chris Gayle अब भी सबसे आगे हैं।






