Uttarakhand

शंखनाद कर कैलाश मानसरोवर यात्रा पर निकला पहला जत्था, धामी बोले-धैर्य विश्वास से करें चुनौती का सामना

टनकपुर में सीएम पुष्कर धामी ने दिखाई हरी झंडी 49 श्रद्धालुओं के पहले दल ने शुरू की शिवधाम की यात्रा, डमरू व शंखध्वनि गूंजी, देश के 13 राज्यों से पहुंचे यात्री, सीमांत इलाके में Tourism, Local Business को मिलने की उम्मीद

चंपावत, 5 जुलाई 2026:

उत्तराखंड से संचालित Kailash Mansarovar Yatra 2026 का रविवार को विधिवत आगाज हो गया। टनकपुर स्थित शारदा पर्यटक आवास गृह से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहले जत्थे को डमरू बजाकर व हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री का पारंपरिक छोलिया नृत्य के साथ स्वागत हुआ। मुख्यमंत्री ने सभी यात्रियों को रुद्राक्ष की माला और भगवान शिव का पटका पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान डमरू की ध्वनि और शंखनाद से माहौल आस्था से डूबा रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा सिर्फ धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आध्यात्मिक चेतना, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का भी मजबूत प्रतीक है। उनका कहना था कि भगवान शिव की कृपा से ही किसी श्रद्धालु को इस पवित्र यात्रा का अवसर मिलता है। उन्होंने यात्रियों से हर चुनौती का सामना धैर्य और विश्वास के साथ करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा सीमांत इलाकों की तरक्की में भी अहम भूमिका निभा रही है। इससे स्थानीय संस्कृति, परंपराएं और गांवों की पहचान देशभर तक पहुंच रही है। मुख्यमंत्री ने यात्रियों से स्थानीय हस्तशिल्प और दूसरे उत्पाद खरीदने की अपील करते हुए कहा कि इससे Local Business को मजबूती मिलेगी।
kailash-mansarovar-yatra-2026-cm-dhami-flags-off-first-batch-tanakpur (2)

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सनातन संस्कृति के संरक्षण पर लगातार काम हो रहा है। प्राचीन मंदिरों के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण से भारत की आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान मिल रही है। यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं ने भी राज्य सरकार की व्यवस्थाओं की सराहना की। सातवीं बार कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे अनिल कुमार जैन ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर इस बार भी बेहतर इंतजाम किए गए हैं।
kailash-mansarovar-yatra-2026-cm-dhami-flags-off-first-batch-tanakpur (3)

बता दें कि शनिवार शाम टनकपुर पहुंचे पहले जत्थे का छोलिया नृत्य, पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के लिए सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन हुआ, जिसमें उत्तराखंड की लोक संस्कृति और लोक कलाओं की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शारदा पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक मनोज कुमार के मुताबिक पहले दल में चिकित्सक समेत कुल 49 तीर्थयात्री शामिल हैं। इनमें 34 पुरुष और 15 महिला श्रद्धालु हैं। दल में आंध्र प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के यात्री शामिल हैं।

दल के साथ तमिलनाडु के डॉ अरुण कुमार चिकित्सक के रूप में मौजूद हैं। राजस्थान के 68 वर्षीय पुरुषोत्तम खंडेलवाल सबसे वरिष्ठ तीर्थयात्री हैं, जबकि गुजरात के 21 वर्षीय हरिकृष्णा सबसे युवा यात्री हैं। लगातार दूसरे साल टनकपुर रूट से Kailash Mansarovar Yatra का संचालन किया जा रहा है। इससे चम्पावत जिले में Religious Tourism को नई पहचान मिली है। साथ ही पर्यटन, परिवहन, होटल कारोबार और स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
kailash-mansarovar-yatra-2026-cm-dhami-flags-off-first-batch-tanakpur (4)

हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के बीच पहले जत्थे के रवाना होने से पूरे टनकपुर में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, मंडल आयुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं मंडल निवेदिता कुकरेती, कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, जीएम मनोज कुमार, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, जनप्रतिनिधि, आईटीबीपी, सेना, एसएसबी, ग्रेफ के अधिकारी, विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालु और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button