National

महंगाई का गैस बम… घरेलू LPG सिलेंडर के दाम 29 रुपये बढ़े, 3 महीने में 89 रुपये हुआ महंगा

बिगड़ेगा रसोई का बजट, लखनऊ में 979.50 रुपये पहुंची कीमत, पेट्रोल-डीजल और CNG पहले से महंगे

न्यूज डेस्क, 7 जून 2026:

आम आदमी की रसोई पर महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें आज से लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। लखनऊ में अब उपभोक्ताओं को यही सिलेंडर 950.50 रुपये के बजाय 979.50 रुपये में मिलेगा।

खास बात यह है कि पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू एलपीजी की कीमतें बढ़ाई गई हैं। इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी। अब 29 रुपये की बढ़ोतरी को जोड़ दें तो मार्च से अब तक घरेलू गैस सिलेंडर कुल 89 रुपये महंगा हो चुका है। इससे लाखों परिवारों का मासिक बजट प्रभावित होने की आशंका है।

महंगाई का असर सिर्फ घरेलू गैस तक सीमित नहीं है। एक जून को वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर भी 42 रुपये महंगा किया गया था। वहीं, 5 किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडर की कीमत में 11 रुपये की वृद्धि के बाद इसकी कीमत 821.50 रुपये हो गई है।

तेल कंपनियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों में लगातार बढ़ोतरी और घरेलू बिक्री पर होने वाले नुकसान के चलते यह फैसला लेना पड़ा है। कंपनियों का कहना है कि लागत बढ़ने के बावजूद पूरा बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला गया है।

उधर, पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मई महीने में पेट्रोल और डीजल करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर महंगे हो चुके हैं। दूसरी तरफ सीएनजी की कीमत में करीब 6 रुपये प्रति किलो की वृद्धि दर्ज की गई है। ऐसे में रसोई से लेकर सड़क तक महंगाई का दबाव आम लोगों की जेब पर लगातार भारी पड़ता नजर आ रहा है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button