न्यूज डेस्क, 12 मई 2026:
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 आखिरकार विवादों के भंवर में फंस गई। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई को आयोजित हुई परीक्षा को पेपर लीक की आशंकाओं के बीच रद्द करने का ऐलान कर दिया है। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद लिया गया यह फैसला करोड़ों अभ्यर्थियों और अभिभावकों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। अब इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है।
एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। नई तारीखों के साथ एडमिट कार्ड का शेड्यूल जल्द जारी होगा। एजेंसी ने साफ किया कि दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों को नए सिरे से रजिस्ट्रेशन नहीं कराना होगा। उनसे कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। पुनर्परीक्षा का पूरा खर्च एनटीए अपने संसाधनों से उठाएगी।
दरअसल, परीक्षा के बाद राजस्थान में हाथ से लिखे गए एक कथित गेस पेपर के सवाल असली प्रश्नपत्र से मेल खाने की चर्चाओं ने पूरे देश में सनसनी फैला दी थी। मामला तब और गंभीर हो गया जब राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने 10 मई को इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर देहरादून, सीकर और झुंझुनू में छापेमारी कर 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया। इनमें सीकर के एक कोचिंग संस्थान से जुड़ा करियर काउंसलर भी शामिल बताया जा रहा है।

इस वर्ष करीब 23 लाख छात्रों ने नीट यूजी परीक्षा दी थी। परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी असमंजस और आक्रोश का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी परीक्षा प्रणाली और एनटीए की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
विपक्ष ने भी इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि NEET अब परीक्षा नहीं बल्कि नीलामी बन गई है। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा से 42 घंटे पहले व्हाट्सऐप पर सवाल बेचे जा रहे थे। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि 10 वर्षों में 89 पेपर लीक और 48 री-एग्जाम देश की परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। गौरतलब है कि नीट देशभर के मेडिकल संस्थानों में MBBS और अन्य मेडिकल कोर्स में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली सबसे अहम ऑफलाइन परीक्षा है। इसका संचालन एनटीए करती है।






