Lucknow City

PGI के संविदाकर्मी की सिर कूच कर हत्या… मोबाइल लापता, बाइक मिली, उलझी पहेली

झील किनारे झाड़ियों में मिला सूरज का शव, घर से बिजनौर जाने की बात कहकर निकला था युवक, मौके पर दिखे मौत से पहले संघर्ष के निशान

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 9 मई 2026:

राजधानी के बिजनौर थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक का शव शनिवार दोपहर अशरफ नगर इठुरिया गांव के बाहर झील किनारे एक खाली प्लॉट में झाड़ियों के बीच पड़ा मिला। हमलावरों ने उसका सिर और चेहरा ईंट या किसी भारी वस्तु से बुरी तरह कूच दिया था। शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान भी मिले हैं।

मृतक की पहचान सूरज गौतम के रूप में हुई। वह अपनी मां केशाना और बड़े भाई शुभम के साथ ननिहाल में रहता था। तीनों एसजीपीजीआई में संविदा पर सफाईकर्मी के तौर पर काम करते थे। परिजनों के मुताबिक सूरज शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे घर से बिजनौर जाने की बात कहकर निकला था। रात दस बजे मां ने फोन किया तो उसने कहा कि जल्द आकर खाना खाने की बात कही। इसके कुछ देर बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। पूरी रात परिवार के लोग उसकी तलाश करते रहे।

शनिवार सुबह बड़े भाई शुभम को घर से करीब 800 मीटर दूर सड़क किनारे सूरज की बाइक खड़ी मिली। आसपास तलाश करने पर झील के पास करीब 100 मीटर अंदर झाड़ियों में उसका खून से लथपथ शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।

घटनास्थल पर कई जगह खून के छींटे मिले हैं। एक ईंट पर खून लगा मिला, जबकि थोड़ी दूरी पर शराब और बीयर के खाली केन पड़े थे। आशंका है कि सूरज ने हमलावरों से बचने की कोशिश की होगी और संघर्ष के दौरान उसे पकड़कर कई बार हमला किया गया। परिजनों ने बताया कि सूरज के पास दो मोबाइल फोन थे। इनमें से एक मोबाइल व उसका पर्स गायब है।

मां केशाना का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि सूरज नशे या शराब की लत से दूर था और परिवार की जिम्मेदारी निभाता था। गांव में जब किसी को वाहन चालक की जरूरत पड़ती थी तो सूरज अक्सर चारपहिया वाहन चलाने के लिए चला जाता था। सूरज के पिता की करीब 15 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। परिवार मूल रूप से गोसाईंगंज के पहाड़नगर टिकरिया का रहने वाला है, लेकिन बाद में ननिहाल अशरफ नगर इठुरिया में आकर बस गया था।

पुलिस ने बड़े भाई शुभम की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बिजनौर थाना पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और युवक की कॉल डिटेल के आधार पर हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button