लखनऊ, 2 जून 2026:
यूपी में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को भी नई मजबूती मिल रही है। पीएम पोषण योजना के तहत प्रदेश के राजकीय, परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के लाखों छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन संतुलित, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। यह योजना केवल मध्याह्न भोजन कार्यक्रम तक सीमित नहीं है। बच्चों के समग्र विकास और कुपोषण उन्मूलन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है।
योगी सरकार का मानना है कि विकसित और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की मजबूत नींव स्वस्थ, शिक्षित और सक्षम बच्चों पर टिकी होती है। इसी सोच के अनुरूप विद्यालयों में संचालित पीएम पोषण योजना को व्यापक स्वरूप दिया गया है। बच्चों को मिलने वाला पौष्टिक भोजन उनके शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता, सीखने की क्षमता और रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी मजबूत बना रहा है।
योजना के तहत प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों को प्रतिदिन न्यूनतम 450 कैलोरी ऊर्जा और 12 ग्राम प्रोटीन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर के छात्रों को 700 कैलोरी ऊर्जा और 20 ग्राम प्रोटीन सुनिश्चित किया जा रहा है। निर्धारित पोषण मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने से बच्चों की पोषण संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति हो रही है।
भोजन को अधिक संतुलित और पोषणयुक्त बनाने के लिए साप्ताहिक मेन्यू में विविध खाद्य पदार्थों को शामिल किया गया है। बच्चों को अलग-अलग दिनों में दाल, हरी सब्जियां, सोयाबीन युक्त व्यंजन, दूध तथा मौसमी फल उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे उन्हें कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, विटामिन, आयरन और अन्य आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्व नियमित रूप से प्राप्त हो रहे हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार बेहतर पोषण मिलने से बच्चों की विद्यालयों में उपस्थिति बढ़ती है। उनकी सीखने की क्षमता में सुधार होता है। शैक्षणिक प्रदर्शन भी बेहतर होता है। प्रदेश में पीएम पोषण योजना के सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। बच्चों के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और शैक्षणिक प्रगति में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया जा रहा है।
शिक्षा और पोषण को एक साथ जोड़कर योगी सरकार स्वस्थ, सक्षम और आत्मनिर्भर नई पीढ़ी तैयार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। लाखों बच्चों तक पौष्टिक भोजन पहुंचाकर सरकार न केवल उनके उज्ज्वल भविष्य को संवार रही है, बल्कि कुपोषण मुक्त उत्तर प्रदेश के संकल्प को भी मजबूती प्रदान कर रही है।






