
प्रतापगढ़, 6 अगस्त 2026:
यूपी के प्रतापगढ़ जिले में आधी रात को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में बारिश के बीच करीब 100 साल पुराना मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार का बड़ा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से पूरे इलाके में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार महुली नहर के पास रहने वाले 60 वर्षीय प्रमोद कुमार श्रीवास्तव का परिवार बुधवार रात गर्मी और उमस के कारण एसी वाले कमरे में सो रहा था। परिवार के सभी सात सदस्य एक ही कमरे में थे। रात करीब दो बजे अचानक कमरे की छत भरभराकर गिर गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने या मदद के लिए आवाज लगाने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया।
बताया जा रहा है कि बड़ा बेटा अमन कमरे के किनारे सो रहा था। वह किसी तरह मलबे से बाहर निकलने में सफल रहा और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। कई घंटों की मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, उनकी 55 वर्षीय पत्नी रीता श्रीवास्तव, 25 वर्षीय छोटे बेटे नितिन श्रीवास्तव, बड़े बेटे अमन की 23 वर्षीय पत्नी माधुरी, दो वर्षीय बेटे माधव और 10 माह के बेटे अद्विक को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल 28 वर्षीय अमन का अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार लगातार बारिश के कारण जर्जर हो चुके करीब 100 साल पुराने मकान की छत कमजोर हो गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रशासन ने भी घटना की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत से पूरे महुली मोहल्ले में कोहराम मचा हुआ है और हर आंख नम है।

इस दर्दनाक हादसे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि प्रतापगढ़ में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायल अमन के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।







