विजय पटेल
रायबरेली, 10 जून 2026:
यूपी के रायबरेली जनपद में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया जब कानपुर से रायबरेली आ रही रोडवेज बस एक बाइक से टकराने के बाद अचानक आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते बस से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। इससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि चालक, परिचालक और स्थानीय लोगों की तत्परता से बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यह हादसा सदर कोतवाली क्षेत्र के दरीबा स्थित निर्माणाधीन रिंग रोड पर हुआ। बताया गया कि बस में दर्जनों यात्री सवार थे। उनमें अधिकांश छात्र परीक्षा देकर रायबरेली लौट रहे थे। बाइक से जोरदार टक्कर के बाद बस में अचानक आग लग गई और कुछ ही पलों में आग ने बस को अपनी चपेट में ले लिया।

बस चालक धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक दुर्घटना के तुरंत बाद उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए यात्रियों को तेजी से बस से बाहर निकालना शुरू कर दिया। उनकी सूझबूझ और परिचालक के सहयोग से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इससे संभावित जनहानि टल गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शी धीरज पटेल के अनुसार टक्कर के बाद बस से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। मौके पर मौजूद लोगों ने भी यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा आग पर काबू पा लिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।






