अनिल निषाद
अयोध्या, 16 मई 2026:
महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को अयोध्या में जोरदार प्रदर्शन किया। विरोध का अंदाज देख राहगीर भी अचरज में पड़ गए। कार्यकर्ता सिर पर घरेलू गैस सिलेंडर रखकर और ठेले पर बाइक लादकर सड़कों पर उतरे।
प्रदर्शन की अगुवाई पूर्व राज्य मंत्री पवन पांडे ने की। पार्टी कार्यालय से निकले कार्यकर्ता बैनर और तख्तियां लेकर शहर की सड़कों पर पहुंचे। महंगाई हटाओ, युवा बचाओ, रोजगार दो और पेपर लीक बंद करो जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। कई कार्यकर्ता खाली गैस सिलेंडर लेकर चल रहे थे, जबकि बाइक को ठेले पर रखकर पेट्रोल की बढ़ती कीमतों पर तंज कसा गया।

पवन पांडे ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग का बजट बिगाड़ दिया है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने से छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। प्रदर्शन के दौरान नीट परीक्षा पेपर लीक का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
पवन पांडे ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर नाकाम साबित हुई है। उनके मुताबिक किसान, युवा, व्यापारी और आम लोग सभी परेशान हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय प्रचार में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था कमजोर हुई है और महंगाई लगातार बढ़ रही है।
जुलूस जैसे ही रीडगंज चौराहे पर पहुंचा, वहां पहले से तैनात पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बाद सपाई वहीं धरने पर बैठ गए और नारेबाजी तेज कर दी। कुछ देर में पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की तो धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। बाद में अधिकारियों के समझाने पर मामला शांत हुआ। प्रदर्शन के बाद पवन पांडे ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।






