सीएम ने जनता दर्शन में सुनी फरियाद, कहा… घबराइए नहीं, समस्या का समाधान होगा
सीएम आवास पर कई जिलों से लोग अपनी शिकायत लेकर पहुंचे, सेना के कई जवानों ने रखी अपनी समस्या, सीएम ने अफसरों से कहा निस्तारण सुनिश्चित करें
लखनऊ, 23 मार्च 2026:
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह सीएम आवास पर आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। परेशानी को समझा और उन्हें आश्वासन दिया कि घबराइए मत, हर शिकायत पर कार्रवाई होगी। भरोसा दिया कि हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराया जाएगा। इस दौरान मौजूद अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि हर पीड़ित व्यक्ति की समस्या का समय से निस्तारण कराएं।

जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी ने लोगों से बारी-बारी मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। उनका समाधान करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया। जनता दर्शन में सेना के जवान भी आए थे। महिलाओं की संख्या भी अधिक रही। सभी फरियादियों को कुर्सियों पर बैठाया गया था। समस्याएं जानने के लिए उन तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे। एक-एक कर सबकी समस्याएं सुनीं। उन्हें भरोसा दिया कि सभी की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।

सीएम ने अफसरों को निर्देश दिया कि किसी मामले में पीड़ित को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ा है तो इसकी जांच होगी। जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाएगी। कुछ लोग इलाज में मदद करने की गुहार लेकर पहुंचे थे। योगी ने उनसे कहा कि उपचार में धन की कमी बाधक नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इलाज के लिए अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया को पूर्ण कराकर शासन में भेजें।






