Lucknow City

लखनऊ में गूंजेगा ‘तेजस’ का पराक्रम, ग्रीन कॉरिडोर पर दिखेगी देश की ताकत, बनेगा तेजस चौराहा

रक्षामंत्री एवं स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह की पहल पर एलडीए का बड़ा कदम, 15 दिन में लगेगा स्वदेशी फाइटर जेट का मॉडल

लखनऊ, 7 मई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ अब सिर्फ नवाबी ठाठ और आधुनिक विकास के लिए ही नहीं, बल्कि देशभक्ति और सैन्य गौरव के प्रतीक के रूप में भी नई पहचान बनाने जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) द्वारा शहर के नव-निर्मित ग्रीन कॉरिडोर पर स्वदेशी लड़ाकू विमान ‘तेजस’ का भव्य मॉडल स्थापित किया जाएगा। यह पहल न केवल शहर की सुंदरता को नई ऊंचाई देगी बल्कि युवाओं में देशभक्ति और सैन्य प्रेरणा का संचार भी करेगी।

एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि यह परियोजना स्थानीय सांसद एवं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की पहल पर साकार हो रही है। उनकी अनुशंसा पर हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) द्वारा बेंगलुरु से लाइट कॉम्बेट एयरक्राफ्ट ‘तेजस’ का मॉडल मंगवाया गया है। फिलहाल इस मॉडल को जनेश्वर मिश्र पार्क में सुरक्षित रखा गया है।

उन्होंने बताया कि ग्रीन कॉरिडोर के एंट्री प्वाइंट, समतामूलक चौराहे के पास स्थित रोटरी पर इस मॉडल को स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही इस चौराहे का नाम ‘तेजस चौराहा’ रखा जाएगा, जो शहर में एक नई पहचान के रूप में उभरेगा।
एलडीए के अनुसार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को तेजी से पूरा किया जा रहा है।

स्थल पर फाउंडेशन और सौंदर्यीकरण का कार्य जारी है और अगले 15 दिनों में यह पूरी तरह तैयार हो जाएगा। इसके बाद मॉडल को जनेश्वर मिश्र पार्क से स्थानांतरित कर ग्रीन कॉरिडोर पर स्थापित कर दिया जाएगा। यहां से गुजरने वाले हजारों लोग भारतीय वायुसेना के इस गौरवशाली प्रतीक को देख सकेंगे।

तेजस का यह मॉडल लगभग 15 फीट लंबा और 9.5 फीट चौड़ा होगा जबकि इसका वजन करीब 200 किलोग्राम है। इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह हू-ब-हू असली तेजस विमान जैसा दिखाई दे।

यह पहल लखनऊ के शहरी विकास को नई दिशा देने के साथ ही रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता और बढ़ती शक्ति का भी मजबूत संदेश देगी। अब लखनऊ की सड़कों पर ‘तेजस’ का पराक्रम हर राहगीर को गर्व का एहसास कराएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button