लखनऊ, 5 अप्रैल 2026:
यूपी में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था में अहम बदलाव कर दिया है। अब तक प्रीपेड मीटर से जूझ रहे उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अब सभी प्रीपेड मीटर भी पोस्टपेड स्मार्ट मीटर की तरह काम करेंगे। यानी पहले की तरह हर महीने बिल आएगा। भुगतान के लिए तय समय मिलेगा और अचानक बिजली कटने का डर खत्म होगा।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शक्ति भवन में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि बिलिंग साइकिल में कोई बदलाव नहीं होगा। हर महीने की एक तारीख से अंत तक की खपत का बिल तैयार होगा और उपभोक्ताओं को एसएमएस व ह्वाट्सएप के जरिए भेजा जाएगा। खास बात यह है कि हर महीने की 10 तारीख तक बिल मिल जाएगा और भुगतान के लिए 15 दिन का समय भी दिया जाएगा।
10 किस्तों में बकाया चुकाने का मौका
सरकार ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए 30 अप्रैल तक के बकाया बिल को 10 आसान किस्तों में जमा करने की सुविधा दी है। इससे लाखों उपभोक्ताओं को एकमुश्त भुगतान के दबाव से राहत मिलेगी।

सिक्योरिटी भी अब किस्तों में ली जाएगी
जिन उपभोक्ताओं के यहां पहले प्रीपेड मीटर लगने पर सिक्योरिटी वापस कर दी गई थी, उनसे अब पोस्टपेड व्यवस्था लागू होने पर सिक्योरिटी एकमुश्त नहीं बल्कि 4 किस्तों में ली जाएगी।
बिल नहीं मिला तो अब शिकायत आसान
अगर किसी उपभोक्ता को समय पर बिल नहीं मिलता, तो वह ह्वाट्सएप चैटबॉट पर अपनी संयोजन संख्या भेजकर बिल प्राप्त कर सकता है। इसके अलावा 1912 पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर भी बिल हासिल किया जा सकता है।
खंड व उपखंड स्तर पर लगेंगे कैंप, होगा समाधान
मई और जून में खंड व उपखंड स्तर पर बड़े पैमाने पर कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में स्मार्ट मीटर और बिलिंग से जुड़ी शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाएगा। ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि निर्धारित शेड्यूल के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ट्रांसफॉर्मर खराब होने पर तत्काल बदलने की व्यवस्था भी सख्ती से लागू करने को कहा गया है।
सरकार के इस फैसले से बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिलने के साथ बिलिंग प्रक्रिया पारदर्शी और सुविधाजनक भी बनेगी। अब स्मार्ट मीटर सच में उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट साबित होने की तैयारी में हैं।
बिल न मिलने पर उपभोक्ता यहां करें संपर्क
पूर्वांचल : +91 8010968292
मध्यांचल : +91 7669003409
पश्चिमांचल : +91 7859804803
दक्षिणांचल : +91 8010957826
केस्को (कानपुर) : +91 8287835233






