Lucknow City

UP में 15 जून से शुरू होगी MSP पर मक्का खरीद, 25 जिलों में बनेंगे 150 क्रय केंद्र

कैबिनेट की मंजूरी के बाद 2400 रुपये प्रति क्विंटल पर होगी खरीद, किसानों के खातों में 48 घंटे के भीतर पहुंचेगा भुगतान

लखनऊ, 4 जून 2026:

यूपी सरकार ने किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने की दिशा में एक बड़ा फैसला लेते हुए खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 (रबी फसल) के लिए मूल्य समर्थन योजना के तहत मक्का खरीद नीति को मंजूरी दे दी है। सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिए गए इस निर्णय के तहत प्रदेश में मक्का की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2400 रुपये प्रति क्विंटल पर की जाएगी।

सरकार द्वारा जारी नीति के अनुसार मक्का खरीद अभियान 15 जून से 31 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के 25 जनपदों में 150 क्रय केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनमें फिरोजाबाद, आगरा, मैनपुरी, अलीगढ़, कासगंज, हाथरस, एटा, बदायूं, शाहजहांपुर, रामपुर, संभल, बुलंदशहर, हापुड़, कानपुर नगर, औरैया, इटावा, कन्नौज, फर्रुखाबाद, हरदोई, उन्नाव, बहराइच, बलिया, गोंडा, फतेहपुर और मिर्जापुर शामिल हैं।

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए राज्य सरकार ने 25 हजार मीट्रिक टन मक्का खरीद का कार्यकारी लक्ष्य निर्धारित किया है। खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए किसानों से मक्का की खरीद कंप्यूटरीकृत सत्यापित खतौनी, आधार कार्ड और फोटोयुक्त पहचान पत्र के आधार पर की जाएगी। इसके साथ ही भूमि और बोए गए रकबे का सत्यापन भूलेख पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन कराया जाएगा।

ये भी पढ़ें:

योगी सरकार ने किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था भी की है। क्रय एजेंसियों द्वारा खरीदे गए मक्का का भुगतान पीएफएमएस पोर्टल के जरिए किसानों के आधार लिंक और एनपीसीआई मैप्ड बैंक खातों में 48 घंटे के भीतर सीधे हस्तांतरित किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने के साथ-साथ खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और भुगतान प्रणाली में तेजी आएगी।

ये भी पढ़ें  लखनऊ : पूर्व सीएमओ के घर व वाहनों के शोरूम पर चोरों ने धावा बोला... लाखों का माल पार

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button