PoliticsUttar Pradesh

यूपी विधानसभा : घेराव की तैयारी पर पुलिस की सख्ती पड़ी भारी, अजय राय समेत कई कांग्रेसी गिरफ्तार

लखनऊ, 18 दिसंबर 2024:

यूपी विधानसभा का घेराव करने की कांग्रेस नेताओं की तैयारी पर पुलिस की सख्ती भारी पड़ी। बुधवार दोपहर बाद पार्टी के प्रदेश कार्यालय से निकलते ही कांग्रेस के महासचिव एवं यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें बसों में बैठकर विधानसभा से दूर इको गार्डन भेज दिया गया।

पुलिस से हुई झड़प, अजय राय की बिगड़ी तबीयत

गिरफ्तारी के दौरान कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प भी हुई। इसी बीच प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की हालत कुछ देर के लिए बेहोशी जैसी हो गई। उन्हें साथियों ने संभाला। कांग्रेसियों को रोकने के लिए पुलिस ने पहले से काफी घेराबंदी की थी। सुबह से ही पुलिस के साथ रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर घेराबंदी कर ली। बाहर निकलने के रास्तों पर नुकीले बैरियर लगा दिए गए। वहां से विधानसभा तक घेराबंदी की गई थी। इस घेराबंदी को तोड़ने की कांग्रेसियों ने कोशिश भी की लेकिन सफल नहीं हुए।

विधायक आराधना मिश्रा ने विधानभवन में किया प्रदर्शन

Advertisement

इस दौरान विधानभवन में मौजूद कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ने वहां स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। कानून व्यवस्था और किसानों के मुद्दे उठाए। पुलिस ने विधायक आराधना को भी गिरफ्तार कर लिया।

कई जिलों में रोके गए कांग्रेस नेता

इससे पहले विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल होने आ रही महिला कांग्रेस मध्य जोन की निवर्तमान अध्यक्ष ममता चौधरी को पुलिस ने उनके समर्थकों के साथ गिरफ्तार कर लिया था। इसी तरह शहर के अन्य इलाकों में भी कांग्रेसी पकड़े गए। विभिन्न जिलों में मंगलवार से ही नेताओं को हाउस अरेस्ट किया जा रहा था।

ये भी पढ़ें  महाकुंभ की तैयारियों का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया जायजा

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link